Ghar Par Cup Cake Kaise Banaye: बच्चों को केक खाना बहुत पसंद होता है। लेकिन बाजार में मिलने वाले केक में ज्यादा मैदा और चीनी का इस्तेमाल होता है, जो एक हेल्दी विकल्प नहीं माना जाता। ऐसे में बच्चों को खुश करने के लिए आप घर पर कप केक बना सकते हैं। जिसके लिए आपको मैदा की जगह गेहूं के आटे की जरूरत होगी। कम सामग्री और कम समय में इस कप केक को आसानी से तैयार किया जा सकता है, जो बच्चों को खूब पसंद आ सकता है।

अगर आप बच्चों को खुश करना चाहते हैं, तो घर पर कुछ सामग्री की मदद से बिना मैदे का कप केक बना सकते हैं। बच्चों की छोटी-छोटी भूख मिटाने के लिए, शाम के स्नैक या मीठा खाने की क्रेविंग को इस हेल्दी तरीके से दूर किया जा सकता है। अगर आप बच्चों के लिए आटा कप केक बनाना चाहते हैं, तो यहां दी गई रेसिपी को अपना सकते हैं।

सामग्री

आटा- 1 कप
दूध- 1.25 कप
चीनी- 3/4 कप
मिल्क पाउडर – 1/2 कप
घी – 2 चम्मच
कोको पाउडर – 1/4 कप
बेकिंग पाउडर – 1 चम्मच
बेकिंग सोड़ा – 1/2 चम्मच
वनीला एसेंस – 1 चम्मच
नमक – 1/8 चम्मच

कप केक बनाने का तरीका

सबसे पहले एक बाउल में गेहूं का आटा, पीसी हुई चीनी, कोको पाउडर, मिल्क पाउडर, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोड़ा, चुटकी भर नमक और वनीला एसेंस डालकर अच्छे से मिक्स कर लें। इसमें घी डालें। अब दूध के साथ इस मिश्रण को मिक्स करें। ध्यान रखें दूध एक साथ न डालें बल्कि इसे थोड़ा-थोड़ा करके मिक्स करें जिससे इसकी कंसिस्टेंसी सही बनी रहेगी।

अब ओवन को करीब 15 मिनट के लिए प्रीहीट कर लें। इसके बाद तैयार बैटर को कप केक मोल्ड में डालें, लेकिन मोल्ड को पूरी तरह न भरें। क्योंकि बेक होने के दौरान बैटर फूलकर ऊपर आ सकता है। इसके ऊपर आप चॉकलेट चिप्स भी डाल सकते हैं। अब मोल्ड को बेकिंग ट्रे पर रखें और करीब 20 मिनट तक बेक करें। इस तरह सॉफ्ट और स्वादिष्ट कप केक तैयार हो जाएंगे।

अगर आप चाहें तो गेहूं के आटे की जगह रागी या ज्वार के आटे का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। वहीं, चीनी की जगह गुड़ मिलाकर इसे अलग स्वाद के साथ तैयार किया जा सकता है। बच्चे ही नहीं बल्कि बड़ों के लिए भी यह बेहतर विकल्प हो सकता है।