Ghar par clay kaise banaen: गर्मियों की छुट्टियां चल रही हैं। ऐसे में बच्चों को खेलने-कूदने का भरपूर मौका मिल रहा है। मां-बाप भी चाहते हैं कि बच्चे मोबाइल या टीवी देखने की बजाय कुछ ऐसी एक्टिविटी करें जिससे उन्हें खेलने के साथ-साथ कुछ सीखने का भी मौका मिले। क्ले से खेलना भी बच्चों को खूब पसंद आता है। यह भी ऐसी एक्टिविटीज में से एक है जिसमें बच्चे तरह-तरह की आकृतियां बनाकर अपनी कल्पनाशक्ति को नया रूप दे सकते हैं।
अक्सर बच्चों को बाजार से क्ले लाकर दे दी जाती है खेलने के लिए, लेकिन इस बात की भी चिंता रहती है कि वो इसे मुंह में न रख लें। इन्हें थोड़ा बहुत ही सही लेकिन केमिकल और कलर तो होता ही है। ऐसे में अगर आप यह चाहते हैं कि बच्चों को कोई नुकसान न पहुंचे तो मैदा समेत कुछ घरेलू चीजों से आप इसे घर पर बना सकते हैं।
तरीका 1: मैदा और नमक से बनाएं सॉफ्ट क्ले
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
1 कप मैदा
½ कप नमक
½ से ¾ कप पानी
1 बड़ा चम्मच तेल
फूड कलर (वैकल्पिक)
इस तरह बनाएं घर पर बच्चों के लिए क्ले
मैदा से क्ले बनाने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में मैदा और नमक लें। इन्हें अच्छी तरह से मिला लें। फिर तेल डालें और मिश्रण को मिलाएं। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। इसके बाद आटे को अलग-अलग हिस्सों में बांटें। अब आपको करना यह है कि जितने भी इसके हिस्से किए हैं उनमें अलग रंग मिलाकर दोबारा गूंथें। इसके बाद क्ले को कुछ मिनट ढककर रखें ताकि टेक्सचर बेहतर हो जाए। इसकी खासियत यह है कि ये क्ले मुलायम और आसानी से आकार लेने वाली होती है। एयरटाइट डिब्बे में रखने पर कई दिनों तक चल सकती है।
तरीका 2: कॉर्नफ्लोर और बेकिंग सोडा से स्मूद क्ले
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
1 कप कॉर्नफ्लोर
2 कप बेकिंग सोडा
लगभग 1¼ कप पानी
फूड कलर (वैकल्पिक)
बनाने का जानिए यह भी तरीका
सबसे पहले आपको करना यह है कि सभी चीजों को एक पैन में मिलाएं। इसके बाद धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें। जब आपको लगे कि मिश्रण गाढ़ा होकर आटे जैसा होने लगा है तो गैस बंद कर दें। फिर ठंडा होने के बाद हाथों से अच्छी तरह गूंध लें। अगर आपको जरूरत लगे हो तो थोड़ा कॉर्नफ्लोर छिड़क सकते हैं। इसके बाद पहले वाले तरीके की तरह इसमें अलग-अलग रंग मिलाकर क्ले तैयार करें। इसका टेक्सचर काफी स्मूद होता है। इससे छोटे मॉडल, फूल या सजावटी आकृतियां बनाई जा सकती हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। क्ले खाने योग्य नहीं होती, इसलिए छोटे बच्चों को इसका उपयोग हमेशा किसी वयस्क की निगरानी में ही करने दें।
