Spring Roll Recipe at Home: अक्सर शाम के समय कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन करता है, ऐसे में रोजाना समोसे, पकौड़े या नमकीन खाने की बजाय आप स्प्रिंग रोल की अलग-अलग रेसिपीज ट्राई कर सकते हैं। इन्हें आप अपनी पसंद की फिलिंग के अनुसार बना सकते हैं। घर पर आप इसे कम तेल और मसालों में तैयार कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसे कम समय में तैयार किया जा सकता है। अगर आप भी घर पर स्ट्रीट स्टाइल स्प्रिंग रोल बनाना चाहते हैं तो इन रेसिपीज को ट्राई कर सकते हैं।
वेज मिक्स स्प्रिंग रोल
इसे बनाने के लिए पत्ता गोभी, शिमला मिर्च, बीन्स, गाजर और हरे प्याज जैसी सब्जियों को बारीक काट लें। इन्हें हल्के तेल में हल्का सा फ्राई कर लें। इसमें स्वादानुसार नमक, काली मिर्च, सोया सॉस और चिली सॉस डालें। अब इस तैयार मिश्रण को स्प्रिंग रोल शीट में भरकर रोल करें और सुनहरा होने तक तल लें या एयर फ्रायर में पका सकते हैं।
चीज कॉर्न स्प्रिंग रोल
अगर आप स्प्रिंग रोल में कुछ नया स्वाद चाहते हैं, तो चीज कॉर्न स्प्रिंग रोल रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इसके लिए उबले हुए स्वीट कॉर्न, कद्दूकस किया हुआ चीज, बारीक कटी शिमला मिर्च, काली मिर्च और चिली फ्लेक्स को अच्छे से मिक्स कर लें। इस मिश्रण को अब स्प्रिंग रोल शीट में भरकर रोल करें और सुनहरा होने तक तल लें। बाहर से कुरकुरा और अंदर से चीज का स्वाद इसे खास बना सकता है।
पनीर स्प्रिंग रोल
पनीर स्प्रिंग रोल बनाने के लिए पनीर को कद्दूकस कर लें। इसमें बारीक कटी शिमला मिर्च, गाजर, प्याज, हरा धनिया, काली मिर्च और थोड़ा सा चाट मसाला मिलाएं। इस तरह मिश्रण तैयार करके इसे स्प्रिंग रोल शीट में भर दें। आप इसे पुदीने की चटनी या दही के डिप के साथ परोस सकते हैं। अगर घर पर अचानक मेहमान आ जाएं, तो इस तरह की रेसिपी ट्राई की जा सकती है।
सेव स्प्रिंग रोल
कुछ अलग और अनोखा स्वाद चाहिए, तो सेव स्प्रिंग रोल बनाया जा सकता है। इसके लिए बारीक कटी प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, हरी चटनी और थोड़ा चाट मसाला मिलाकर मिश्रण तैयार कर लें। इसमें कुरकुरी सेव डालें और स्प्रिंग रोल शीट में भर दें। इसे हल्का सुनहरा होने तक तलें। इसे आप शाम को चाय के साथ खा सकते हैं।
