Kulfi Recipe at Home: गर्मियों के मौसम में खाना खाने के बाद अक्सर कुछ मीठा खाने का मन करता है। इस दौरान ज्यादातर लोगों के मन में आइसक्रीम या कुल्फी का ख्याल आता है। बाजार में कुल्फी आसानी से मिल जाती है लेकिन घर पर बनी हुई कुल्फी का स्वाद ज्यादा बेहतर होता है। कई लोगों को बाजार का खाना पसंद नहीं होता है ऐसे में कम सामग्री के साथ घर पर आप इसे आसानी से बना सकते हैं। यहां दी गई कुछ रेसिपी की मदद से आप अलग-अलग फ्लेवर की कुल्फी का आनंद ले सकते हैं।

केसर कुल्फी

सामग्री

फुल क्रीम दूध
चीनी
केसर
इलायची पाउडर
बादाम
पिस्ता

बनाने का तरीका

सबसे पहले दूध को अच्छे से गाढ़ा होने तक उबाल लें। अब इसमें चीनी डालकर कुछ मिनट तक पकाएं। इसके बाद गुनगुने दूध में भीगा हुआ केसर, इलायची पाउडर, बारीक कटे बादाम और पिस्ता मिलाएं। इस मिश्रण को करीब 2-3 मिनट तक पकने के बाद गैस को बंद कर दें। जब यह थोड़ा ठंडा हो जाए तो कुल्फी को फ्रीजर में जमने के लिए रख दें। इस तरह घर पर स्वादिष्ट केसर कुल्फी बनकर तैयार हो जाएगी।

मैंगो कुल्फी

सामग्री

पका हुआ आम
फुल क्रीम दूध
क्रीम
चीनी
इलायची पाउडर

बनाने का तरीका

आम के सीजन में एक बार मैंगो कुल्फी रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले आम का गूदा निकाल लें। अब दूध को उबालकर गाढ़ा कर लें और उसमें क्रीम, आम का गूदा, चीनी और इलायची पाउडर को डालकर अच्छे से मिक्स करें। इसे कुछ देर पकाने के बाद ठंडा होने दें। इसे कुल्फी के सांचे में डालकर फ्रीजर में सेट होने के लिए रख दें। इस तरह आप किसी भी फल के फ्लेवर की कुल्फी बना सकते हैं।

ड्राई फ्रूट कुल्फी

सामग्री

ड्राई फ्रूट्स
दूध
चीनी
इलायची पाउडर

बनाने का तरीका

सबसे पहले सभी ड्राई फ्रूट्स को बारीक काट लें। अब दूध को गाढ़ा होने तक पकाएं और उसमें चीनी या गुड़ डालें। इसके बाद इलायची पाउडर और सभी ड्राई फ्रूट्स को अच्छे से मिक्स करें। जब यह मिश्रण ठंडा हो जाए तो इसे कुल्फी के सांचे या कुल्हड़ में भरकर करीब 7-8 घंटे के लिए फ्रीजर में रख दें। जब यह पूरी तरह से सेट हो जाए तो इस ठंडी-ठंडी कुल्फी का आनंद लें।