पुराने समय में जब घर बनाए जाते थे तो उसमें आंगन जरूर होता था। आज भी लोग घरों में आंगन के लिए एक हिस्सा जरूर छोड़ते हैं। यह घर का खुला हिस्सा होता है, जिसका मुख्य काम घर में प्राकृतिक रोशनी और ताजी हवा का प्रवाह बनाए रखना होता है। अक्सर लोग सुबह या शाम को आंगन में बैठकर अपने परिवार के साथ चर्चा करते हैं। इसके अलावा यह जगह खेलने, पूजा-पाठ और अन्य कई कामों में भी इस्तेमाल की जाती है। जब भी घर पर कोई फंक्शन होता है, तो सबसे अहम हिस्सा आंगन होता है। क्योंकि बैठने और आयोजन करने के लिए थोड़ी अधिक जगह की जरूरत होती है और आंगन में पर्याप्त जगह होती है।
लेकिन आंगन जब सजा होता है तो वह और भी अधिक खूबसूरत नजर आता है। आज के मॉडर्न जमाने में कुछ खास डिजाइन हैं जो आपके आंगन को आकर्षक और प्रीमियम लुक देने में मदद कर सकते हैं।
झूला और कुर्सी
अपने आंगन को थोड़ा प्रीमियम लुक देने और आरामदायक बनाने के लिए आप झूला लगवा सकते हैं। इसके साथ ही हैंगिंग कुर्सी भी रख सकते हैं। लकड़ी, बांस या रतन से बने झूले पारंपरिक और प्राकृतिक लुक देते हैं। इस पर रंगीन कुशन और तकिये रखे जा सकते हैं, जो इसे और भी ज्यादा आकर्षक बना सकते हैं।
रंग-बिरंगे गमलों से सजाएं
अपने आंगन को आकर्षक और प्राकृतिक लुक देने के लिए आप वहां पर रंग-बिरंगे फूल और हरे-भरे पौधे लगा सकते हैं। आंगन की हरियाली वातावरण को ताजा बनाए रखने और घर को आकर्षक बनाए रखने में मदद करती है। आंगन में आप अलग-अलग तरह के प्लांट स्टैंड का भी इस्तेमाल कर सकते हैं, जिन पर रखे पौधे उसकी शोभा में चार चांद लगा सकते हैं। आप अपने आंगन में गेंदा, गुलाब, चमेली, मनी प्लांट, एरेका पाम और स्नेक प्लांट जैसे पौधे रख सकते हैं।
फेयरी लाइट्स और लालटेन
आंगन को आकर्षक बनाने और मॉडर्न टच देने के लिए सबसे बेहतरीन आइडिया है वहां पर फेयरी लाइट्स और लालटेन लगाना। शाम के समय फेयरी लाइट्स, स्ट्रिंग लाइट्स या सजावटी लालटेन जलाने पर वहां का पूरा माहौल बदल जाएगा। गर्म पीली रोशनी वाला प्रकाश शाम के वक्त आंगन में एक अलग ही सुकूनभरा माहौल तैयार करता है। इन लाइट्स को आप पौधों, दीवारों और छत के किनारों पर लगा सकते हैं।
बनाएं बैठने का एक छोटा सा कोना
अगर आपके आंगन में पर्याप्त जगह है तो आप वहां पर बैठने के लिए एक शानदार और छोटा सा कोना बना सकते हैं। इसके लिए आप लकड़ी, बेंत या लोहे का आउटडोर फर्नीचर रख सकते हैं। मार्केट में एक से बढ़कर एक खूबसूरत आउटडोर फर्नीचर उपलब्ध हैं, जिन्हें आप अपने आंगन और अपनी पसंद के अनुसार चुन सकते हैं। इसके साथ ही एक छोटी टेबल और कुर्सियां भी रख सकते हैं, जिस पर आप अपने परिवार के साथ सुबह-शाम बैठकर चाय पी सकते हैं, पढ़ सकते हैं और सुकून के पल गुजार सकते हैं।
इस तरह बनाएं पारंपरिक माहौल
आंगन में पारंपरिक माहौल बनाने के लिए आप पुराने डेकोरेटिव आइटम्स का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके साथ ही आंगन में मिट्टी के दीपक, पीतल के बर्तन, लकड़ी की सजावटी चीजें और बांस की टोकरियां रख सकते हैं। किसी कोने में आप एक छोटे से टेबल पर पीतल के बर्तन में पानी भरकर उसमें फूल डालकर रख सकते हैं और शाम होने पर उसमें एक फ्लोटिंग कैंडल डालकर जला दें। इससे आपके पूरे आंगन एरिया का माहौल खुशनुमा बना सकता है।
Also Read
डाइनिंग टेबल को बनाएं थोड़ा मॉडर्न, ऊपर लगाएं ये 5 खूबसूरत हैंगिंग लाइट्स
