हॉलीवुड एक्ट्रेस Zendaya हाल ही में अपनी अपकमिंग फिल्म The Odyssey के प्रमोशनल इवेंट में पहने गए इयररिंग्स की वजह से चर्चा में हैं। सोने से बने ये इयररिंग्स किसी लग्जरी ज्वेलरी से कम नहीं लग रहे। खास बात यह है कि इन इयररिंग्स में तीन हजारों साल पुरानी बताई जाने वाली गोल्ड डिस्क जड़ी गई हैं। यही वजह है कि सोशल मीडिया पर इनके इतिहास, सांस्कृतिक महत्व और फैशन में प्राचीन कलाकृतियों के इस्तेमाल को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, गोल्ड डिस्क पर सूर्य जैसी आकृति उकेरी गई है, जिसे कुछ विशेषज्ञ प्राचीन प्रतीकात्मक कला से जोड़कर देखते हैं। कहा जा रहा है कि इन इयररिंग्स में लगे प्राचीन सोने के डिस्क को 18 कैरेट येलो गोल्ड और हीरों के साथ दोबारा तैयार किया गया है। हर गोल्ड डिस्क पर सूर्य की किरणों जैसा डिजाइन बनाया गया है।

क्यों हो रही है चर्चा?

जानकारी के मुताबिक Zendaya के इयररिंग्स में प्राचीन गोल्ड डिस्क को आधुनिक 18 कैरेट येलो गोल्ड और डायमंड सेटिंग के साथ तैयार किया गया है। इनका संबंध ईरान के प्राचीन जीविये खजाने से जोड़ा गया है। हजारों साल पुराने असली सोने के टुकड़ों को मॉडर्न ज्वेलरी में बदलना फैशन की दुनिया के साथ-साथ इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों के बीच भी चर्चा का विषय बने हुए हैं।

एक इंस्टाग्राम वीडियो में क्रिएटर और पत्रकार शबनम नसिमी ने उस ज्वेलरी के ऐतिहासिक महत्व को बताया है। उनके अनुसार सूर्य का प्रतीक प्राचीन मध्य पूर्व की कई सभ्यताओं में सोने की कलाकृतियों पर दिखाई देता है। इसे ईरानी पठार के शुरुआती राज्यों से लेकर स्टेपी क्षेत्रों के स्किथियन घुड़सवारों की संस्कृति तक देखा जा सकता है। यह परंपरा प्राचीन यूनान के एथेंस में प्रसिद्ध मंदिर बनने से भी पहले की मानी जाती है।

इस तरह की ऐतिहासिक कलाकृतियों को फैशन का हिस्सा बनाए जाने को लेकर भी बहस छिड़ी हुई है। जहां दूसरी संस्कृति और विरासत से जुड़ी वस्तुओं को फैशन एक्सेसरी के रूप में इस्तेमाल करना इतिहास और नैतिकता से जुड़े सवाल भी खड़े कर सकता है। कई आलोचकों का तर्क है कि इस तरह की दुर्लभ और अमोनल धरोहरें संग्रहालयों में सुरक्षित रहनी चाहिए।

डिस्केमर: यह लेख विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में प्रकाशित जानकारी के आधार पर तैयार किया गया है। इस विषय पर अलग-अलग विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं की राय अलग-अलग हो सकती है।