रंगों का त्योहार होली आने ही वाला है और अभी से ही बाजारों में इसकी रौनक दिखाई देने लगी है। लोग इसके लिए अभी से ही रंग और गुलाल की खरीदारी कर रहे हैं। वहीं, मार्केट में बड़े पैमाने पर केमिकल वाले रंग और गुलाल मिल रहे हैं, जो त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

ऐसे में अगर आप इन केमिकल वाले रंगों से बचना चाहते हैं, तो घर पर ही नेचुरल और सुरक्षित गुलाल आसानी से तैयार कर सकते हैं। आप इसे चुकंदर की मदद से बना सकते हैं। दरअसल, चुकंदर से बना गुलाबी गुलाल खूबसूरत रंग तो देता ही है, साथ ही यह त्वचा के लिए भी सुरक्षित माना जाता है।

बच्चों के लिए भी है बेहतर ऑप्शन

मालूम हो कि चुकंदर में बेटानिन होता है, जो इसे गहरा गुलाबी और लाल रंग देता है। ऐसे में इससे बना गुलाल काफी चमकदार होता है। पूरी तरह से नेचुरल चीजों से तैयार होने के कारण इसे बच्चों और संवेदनशील त्वचा वाले लोगों के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

गुलाबी गुलाल बनाने की सामग्री

5 ताजे चुकंदर
2 कप बेसन
धूप में सुखाने के लिए प्लेट

गुलाबी गुलाल कैसे बनाएं?

गुलाबी गुलाल बनाने के लिए सबसे पहले चुकंदर को अच्छी तरह धो लें और छीलकर पतले-पतले टुकड़ों में काट लें। अब आप इसे मिक्सी में पीसकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। फिर इस पेस्ट को एक बर्तन में निकालें और उसमें बेसन मिलाएं। इस दौरान मिश्रण को अच्छी तरह चलाते रहें, जिससे चुकंदर के पेस्ट का रंग पूरे बेसन में सही से मिल जाए।

अब इस मिश्रण को एक साफ प्लेट में फैलाकर तेज धूप में दो दिनों तक सुखाएं। जब यह पूरी तरह सूख जाए, तो इसे हाथों से तोड़ लें और एक बार फिर मिक्सर में डालकर पाउडर बना लें। आप इसे ऐसे ही उपयोग कर सकते हैं या फिर छन्नी से छानकर और भी बारीक बना सकते हैं।