रमजान का महीना चल रहा है। इसके बाद होली और मीठी ईद आएगी। त्योहार के सीजन में बाजार में मिलावट का खेल बढ़ जाता है। ऐसे में मावा से लेकर पनीर में धड़ल्ले से मिलावट की जाती है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में खाद्य विभाग की 5 टीमों ने इसी महीने की 22 तारीख से अब तक 25 क्विंटल मिलावटी पनीर पकड़ा है। इसे नष्ट करवाया गया है। ऐसे में पनीर खरीदने से पहले आपको इसकी शुद्धता को जांचने के लिए 5 तरीके अपनाने चाहिए।
नकली पनीर पहचानने के लिए अपनाए ये तरीके | How to Identify real or fake paneer
मसल कर देखें
पनीर खरीदते समय दुकान पर जो उसकी पहचान करने का सबसे आसान तरीका है वह है उसे मसलकर देखना। इस दौरान अगर पनीर टूटकर बिखर जाए तो वह मिलावटी हो सकता है।
थोड़ा सा चखकर देखें
पनीर असली है या नकली यह आप उसके स्वाद से भी पता कर सकते हैं। खाते समय जब पनीर रबड़ की तरह खींच रहा है तो समझ जाएं की ये मिलावटी या फिर नकली हो सकता है। असली पनीर का स्वाद हल्का मीठा और मलाईदार होता है।
पानी में डालकर करें चेक
पनीर के टुकड़े को आप पानी में डालकर चेक कर सकते हैं। अगर इसमें डिटर्जेंट मिला होगा तो झाग बनने लगेगा। असली पनीर सॉफ्ट होता है जबकि मिलावटी पनीर थोड़ा टाइट होता है। असली पनीर पानी में थोड़ी देर में टूट जाता है और पानी में दूध जैसा रंग छोड़ता है।
आयोडीन टिंचर से करें पहचान
आयोडीन के जरिए भी आप टेस्ट कर सकते हैं। पनीर पर आयोडीन टिंचर डालकर देखें। असली पनीर रंग नहीं बदलेगा। वहीं नकली पनीर के साथ यह प्रक्रिया करने पर यह नीला या काला पड़ जाता है।
उबालकर देखें
पनीर से कोई भी डिश बनाने से पहले आप इसकी शुद्धता जांचने के लिए इसे पानी में उबालकर देखें। इसके बाद अरहर की दाल या सोयाबीन के पाउडर को डालें। 15 मिनट तक इसे ऐसे ही छोड़ दें। इसके बाद देखें कि अगर इसका रंग लाल हो गया है तो यह नकली हो सकता है। इसमें यूरिया या डिटर्जेंट भी मिला हो सकता है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।
