Gujarati spicy gathiya recipe: होली पर सिर्फ गुजिया नहीं बनती हैं। पापड़ से लेकर खाने पीने के तमाम आइटम घरों में बनाए जाते हैं। नमकीन की भी कई वैराइटी होली के लिए स्पेशली बनाई जाती हैं। बेसन के सेव तो आपने कई बार खाए होंगे लेकिन क्या कभी गुजरात की स्पेशल चटपटा गांठिया ट्राई किया है। अगर नहीं तो आपको होली पर इस बार इसे बनाकर खाना चाहिए। यह गुजरात का काफी लोकप्रिय स्नैक्स है। इसे शाम की चाय के साथ आप खा सकते हैं।
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
1½ कप बेसन (चने का आटा)
1 टीस्पून अजवाईन
1 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर
1/4 टीस्पून हल्दी पाउडर
1/4 टीस्पून काली मिर्च पाउडर
1/2 चुटकी बेकिंग सोडा (सोडा बाय कार्बोनेट), वैकल्पिक
नमक स्वाद अनुसार
1 टीस्पून + चिकनाई के लिए + तलने के लिये तेल
1/4 कप + 2 टेबलस्पून पानी
चटपटा गांठिया बनाने की विधि
गांठिया बनाने के लिए सबसे पहले किसी बड़े बर्तन में बेसन को छलनी से छान लें। इसके बाद उसमें अजवाइन, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, काली मिर्च पाउडर, बेकिंग सोडा, 1 टीस्पून तेल और नमक डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। फिर करीब 1/4 कप + 2 टेबलस्पून पानी डालकर नरम आटा गूंथ लें।
इस बात का ख्याल रखें कि आटा ज्यादा नरम या ज्यादा सख्त नहीं होना चाहिए। फिर आटे को 1/2 टेबलस्पून तेल लगाकर चिकना कर लें। गांठिया बनाने के लिए आपको हाथ से चलानेवाली सेव मशीन की जरूरत होगी। सेवई मशी में अलग अलग प्रकार के सांचे आते हैं। गांठिया बनाने के लिए आप मोटे सांचे का प्रयोग करें। यानी बड़े छेदवाला सांचा।
सांचे को मशीन में निचली सतह पर रख दें। फिर आटे को मशीन में डालें। इसके बाद मशीन को सही तरीके से बंद कर दें। आप चाहें तो सीधे कढ़ाई में गांठिया बना सकते हैं। या फिर आप थोड़ा-थोड़ा बनाकर उसे तल सकते हैं। कढ़ाई में तेल डालकर मध्यम आंच पर गर्म करें। तेल गर्म होने पर मशीन को तेल के ऊपर पकड़ें। फिर आंटे को सांचे से बाहर निकालने के लिए मशीन के हेंडल को घूमाएं। बेसन के लच्छों को हल्का भूरा होने तक तलें। फिर इसे बाहर निकाल लें। आपका कुरकुरा तीखा गाठिया तैयार है।
