होली का त्योहार अब बस आने ही वाला है। इसको लेकर लोग अभी से ही तैयारियों में लग गए हैं। वहीं, होली का त्योहार बच्चों के लिए बेहद खास होता है। रंग, पिचकारी, गुब्बारे और दोस्तों के साथ खेलने का उत्साह उन्हें सबसे ज्यादा रोमांचित करता है।

दरअसल, त्योहार मनाने की खुशी में बच्चे अक्सर सावधानी बरतना भूल जाते हैं और बिना सोचे-समझे रंग, पानी या गुब्बारों के साथ खेलने लगते हैं। ऐसे में होली पर बच्चों की सुरक्षा का भी खास ध्यान रखना बहुत जरूरी होता है।

ऑर्गेनिक या हर्बल रंगों का करें उपयोग

होली में बच्चों के लिए ऑर्गेनिक या हर्बल रंगों का ही उपयोग करना बेहतर होता है। दरअसल, आज के समय में मार्केट में अधिकतर केमिकल वाले रंग और गुलाल मिलते हैं, जो त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे कई बार एलर्जी, खुजली और जलन जैसी समस्याएं भी पैदा होने लगती हैं।

नारियल तेल या मॉइश्चराइजर का करें उपयोग

होली खेलने से पहले बच्चों की त्वचा और बालों पर नारियल तेल या मॉइश्चराइजर जरूर लगाएं। इससे रंग सीधे त्वचा पर नहीं चिपकते और उन्हें साफ करना भी आसान होता है। होली पर बच्चों को फुल स्लीव कपड़े जरूर पहनाएं।

आंखों की सुरक्षा बहुत जरूरी

होली के मौके पर बच्चे एक-दूसरे की आंखों में कई बार रंग और गुलाल डाल देते हैं। ऐसे में बच्चों को समझाएं कि वे किसी के चेहरे पर जबरदस्ती रंग न लगाएं और न ही पानी के गुब्बारे सीधे चेहरे पर फेंकें। इससे आंखों में चोट या जलन हो सकती है।

हाइड्रेशन का रखें खास ख्याल

होली के मौके पर बच्चे धूप में रंग और गुलाल खेलते हैं। ऐसे में उन्हें समय-समय पर पानी पिलाते रहें। इससे बच्चों में डिहाइड्रेशन की समस्या नहीं होगी। आप उन्हें पानी की जगह ठंडाई या जूस भी दे सकते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।