इसमें कोई दो राय नहीं है कि किसी जगह को अगर कोई चीज जिंदा रखती है, तो वह है वहां को लोककलाएं, खानपान और संस्कृति। भारत की इस भूमि पर न जाने कितनी लोककलाएं प्रचलित हैं। इनका अपना एक समृद्ध इतिहास है। जिसमें पीढ़ियों दर पीढ़ियों की कठिन मेहनत और कलाकारी भी झलकती है। आज बात करेंगे त्रिपुरा के उस लोकनृत्य के बारे में जिसमें सिर पर बोतल, हाथ में दीपक और पैरों में थिरकन होती है। त्रिपुरा पूर्वोत्तर भारत का एक छोटा लेकिन सांस्कृतिक रूप से बेहद समृद्ध राज्य है। यहां पहाड़, घने जंगल, झीलें, राजमहल, आदिवासी परंपराएं और लोकनृत्य एक साथ देखने को मिलते हैं।

त्रिपुरा की हसीन वादियों में जब ‘होजागिरी’ लोकनृत्य पर जब महिलाएं थिरकती हैं, तो उनके घुंघरुओं की थाप पूरी वादियों में गूंज उठती है। यह कोई आम नृत्य नहीं है। इसमें थिरकते हुए सिर पर बोतल और हाथ में दीपक का भी तालमेल बैठाना पड़ता है। आइए विस्तार से ‘होजागिरी’ के बारे में जानते हैं:

किस समुदाय के लोग करते हैं ये नृत्य

होजागिरी त्रिपुरा का बेहद अनोखा पारंपरिक लोकनृत्य है, जिसे मुख्य रूप से रियांग (ब्रू)समुदाय की महिलाएं और युवतियां करती हैं। इसकी सबसे बड़ी खासियत शारीरिक संतुलन और कमर की लयबद्ध गति है। इसे भारत के सबसे अनोखे संतुलन-आधारित लोकनृत्यों में गिना जाता है। महिलाएं मिट्टी के घड़े पर संतुलन बनाकर खड़ी होती हैं, सिर पर बोतल और उसके ऊपर जलता हुआ दीपक रखती हैं और शरीर के ऊपरी हिस्से को लगभग स्थिर रखते हुए कमर, कूल्हों और पैरों की लयबद्ध गति से नृत्य करती हैं। दिखने में जितना यह अद्भुत लगता है, उतना ही इसमें सालों की मेहनत और लगन छिपी होती है।

होजगिरी नाम और इतिहास

भारत में हर नाम और काम के पीछे कोई न कोई कहानी जुड़ी होती है। यहां अधिकतर कामों को प्रकृति से जोड़ा जाता है। शायद यह कहना गलत नहीं होगा कि अगर प्रकृति को किसी ने सही तरीके से धन्यवाद देना सिखा है तो वह हैं भारतीय। होजगिरी लोकनृत्य में भी प्रकृति के प्रति सम्मान दिखता है। इसका संबंध केवल मनोरंजन से नहीं है, बल्कि धार्मिक आस्था, कृषि और समृद्धि की कमाना से भी माना जाता है। माना जाता है कि यह नृत्य होजगिरी उत्सव और लक्ष्मी पूजा के अवसर पर किया जाता है। लक्ष्मी पूजा आमतौर पर दुर्गा पूजा के बाद आने वाली पूर्णिमा के आसपास होती है। दरअसल, रियांग समुदाय की पारंपरिक जीवनशैली में झूम खेती का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। इसलिए उनके कई लोकगीत और नृत्य खेती, फसल और खुशहाली से जुड़े रहे हैं। होजगिरी की प्रस्तुति में भी कृषि जीवन और सामुदायिक आस्था की छाप नजर आती है। होजगिरी नृत्य की उत्पत्ति का कोई प्रमाणित ऐतिहासिक तारीख उपलब्ध नहीं है। रियांग समुदाय में यह लोकनृत्य कई पीढ़ियों से चली आ रही है।

सुनाई देती है इन वाद्यों की धुन

होजगिरी में जहां एक ओर नृत्यांगनाएं अपने नृत्य से लोगों को भावविभोर करती हैं, तो वहीं दूसरी तरफ इस दौरान बजने वाले कई वाद्ययंत्र मंत्रमुग्ध करती हैं। इस दौरान प्रमुख रूप से खाम, बांसुरी और बांस से बने ताल वाद्य (झांझ) बजाए जाते हैं। इन वाद्यों की धुन पर ही नृत्यांगनाएं अपनी कमर और पैरों की गति को मिलाती हैं।

पारंपरिक परिधान भी है खास पहचान

होजागिरी नृत्य के दौरान आप रियांग समुदाय की संस्कृति को करीब से देख सकते हैं। महिलाएं पारंपरिक कपड़े और आभूषण पहनती हैं। खासकर काले रंग के पाचरा और रिया जैसे वस्त्र पहनती हैं। सिक्कों से बने आभूषण और अन्य पारंपरिक गहने भी उनकी पोशाक का हिस्सा होते हैं। वहीं, बालों में फूल लगाने की परंपरा भी देखने को मिलती है, जो प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक माना जाता है।

होजगिरी नृत्य देशभर में सांस्कृतिक मंचों पर प्रस्तुत किया जाता रहा है। साल 2017 की गणतंत्र दिवस परेड में भी त्रिपुरा की झांकी का विषय होजागिरी था। इसमें रियांग नृत्यांगनाओं को घड़े पर संतुलन बनाने और सिर पर बोतल तथा दीपक के साथ नृत्य करते हुए देखा गया था। त्रिपुरा सरकार भी राज्य स्तर पर होजागिरी समारोह आयोजित करती रहती है।

यह भी पढें
जब मिट्टी और शीशों से सजती थीं कच्छ के घरों की दीवारें, जानिए क्या है लिप्पन कला