जब भी हम कहीं बाहर घूमने जाते हैं, तो होटल चुनते समय आराम, खूबसूरत नजारे और यादगार माहौल की तलाश करते हैं। लेकिन क्या आप कभी ऐसे होटल में रहे हैं, जो कभी जेल रही हो? अगर नहीं, तो यह आर्टिकल आपके लिए दिलचस्प साबित हो सकता है। दरअसल दुनिया भर में कई ऐतिहासिक जेल हैं, जो अब होटलों में बदल चुकी हैं। जिनमें पुरानी कोठरियों, आंगनों और पत्थर की इमारतों को एक नई जिंदगी मिल गई है। हालांकि यहां मिलने वाली सुविधाओं की वजह से मेहमानों का अनुभव पूरी तरह बदल चुका है। लेकिन कई ऐसी जगहें हैं जिसकी वास्तुकला अतीत की झलक दिखाती है।

अगर आप ऐसी ऐतिहासिक और रोमांचक जगहों पर जाना पसंद करते हैं, तो यहां कुछ जेलों के बारे में बताया गया है। मौजूदा समय में इन जेलों को पर्यटकों के लिए लग्जरी होटल में तब्दील कर दिया गया है।

होटल काटाजानोक्का (Hotel Katajanokka), हेलसिंकी, फिनलैंड

हेलसिंकी में मौजूद लाल ईंटों वाली इमारत के कुछ हिस्से 1837 के हैं, जब इसका इस्तेमाल स्थानीय जेल के रूप में किया जाता था। इसकी गॉथिक शैली की वास्तुकला इसे खास रूप देती है। यही वजह है कि यह आम मॉडर्न होटलों से अलग है। यह जेल साल 2002 में ही बंद हो गई थी। इस बिल्डिंग को 2007 में होटल में बदल दिया गया। इसका ऐतिहासिक बाहरी हिस्सा और जेल के दौर की झलक आज भी इसकी पहचान का मुख्य हिस्सा हैं। हालांकि इसके अंदर के हिस्सों में ठहरने की जरूरतों के हिसाब से बदलाव किया गया है।

लिबर्टी होटल, बोस्टन (फोटो सोर्स: Wikipedia)

द लिबर्टी होटल (The Liberty Hotel), बोस्टन, यूएसए

लिबर्टी होटल साल 1851 में बनी पुरानी चार्ल्स स्ट्रीट जेल की जगह पर स्थित है। इस जेल की खासियत ग्रेनाइट से बनी बड़ी मेहराबदार खिड़कियां और बीच में बना गोल हॉल था। यह जेल साल 1990 में बंद हो गया था और 2007 में इस जगह को एक होटल के रूप में फिर से खोला गया। आज भी यहां का ऊंचा एट्रियम ऐतिहासिक, लोहे के रास्ते और पुरानी खिड़कियां इसके जेल होने के इतिहास की याद दिलाते हैं।

हेट एरेस्टुइस (Het Arresthuis), रूर्मोंड, नीदरलैंड्स

Het Arresthuis का अर्थ डिटेंशन सेंटर यानी कैदखाना होता है। यह जगह डच शहर रूर्मोंड में एक जेल के रूप में पुराने इतिहास को दर्शाता है। बाद में इस इमारत को एक पांच स्टार होटल में बदल दिया गया। इसमें मौजूद पुरानी जेल की कोठरियों को रहने की जगहों में बदला गया है।

मेहमान यहां पुरानी कोठरियों से प्रेरित कमरों या आधुनिक इंटीरियर वाले ज्यादा बड़े सुइट्स में रह सकते हैं। यहां तक कि कमरों के नाम जैसे कंफर्ट सेल और डीलक्स सेल भी इस जगह के इतिहास की याद दिलाते हैं। इस होटल में डैमियांज नाम का एक डाइनिंग रेस्टोरेंट भी है।

मालमेसन ऑक्सफोर्ड (फोटो सोर्स: Wikipedia)

मालमेसन ऑक्सफोर्ड (Malmaison Oxford), इंग्लैंड

ऐतिहासिक ऑक्सफोर्ड कैसल कॉम्पलेक्स में स्थित मालमेसन ऑक्सफोर्ड पूर्व एचएम प्रिजन ऑक्सफोर्ड (HM Prison Oxford) की जगह बना है। यह लगभग 150 सालों तक चलने के बाद 1996 में बंद हो गया था। इस जेल में ओरिजनल कोठरियों के दरवाजे, ईंट की दीवारें, लोहे की रेलिंग और ऊंचे रास्तों को वैसे ही रखा गया है। मेहमान ऑक्सफोर्ट कैसल और जेल परिसर में घूमकर इसके इतिहास के बारे में और जान सकते हैं। इसके अलावा इस होटल से शहर की यूनिवर्सिटी की इमारतें, संग्रहालय और ऐतिहासिक सड़कों तक जाना सुविधाजनक है।

फोर सीजन्स होटल इस्तांबुल एट सुल्तानअहमत, तुर्किये

इस्तांबुल कोर्टहाउस के बगल में 1918 और 1919 के बीच बनी यह इमारत कभी उन लोगों के लिए जेल हुआ करती थी, जो अपने ट्रायल का इंतजार करते थे। या जिन्हें छोटी सजा मिली थी। साल 1996 में इसे एक होटल में बदल दिया गया और 2022 में बड़े पैमाने पर रेनोवेशन के बाद इसे फिर से खोल दिया गया।

इस जगह पर आपको ऐतिहासिक वास्तुकला के कुछ तत्व आज भी देखने को मिलेंगे। जिनमें संगमरमर और पत्थर का काम, सजावटी टाइलें और मेहराबदार बनावटें शामिल हैं। यहां का आंगन हलचल भरे सुल्तानअहमद इलाके में एक शांत जगह है।