सोचें हल्की सर्दी भरी हवा, शांत वातावरण, नजरें जहां तक जाएं वहां तक सिर्फ प्रकृति का खूबसूरत नजारा और सूरज की पहली किरणों में सुनहरे रंग से नहाते पहाड़ों का दृश्य आपके सामने है, तो आपको कैसा लगेगा। शायद यह मन को सुकून देने वाला होगा, नजरों को भाने वाला, तन फिर से तरोताजा हो उठेगा, दिमाग को वह शांति मिलेगी, जिसे शहरों में ढूंढना पड़ता है। हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहें ऐसी हैं, जहां सूर्योदय का वह अद्भुत नजारा देखने को मिलता है, जो आपके दिलो-दिमाग में घर कर सकता है। आइए जानते हैं हिमाचल में 7 ऐसी जगहों के बारे में, जो सूर्योदय के दौरान अपने मनमोहक दृश्यों के लिए प्रसिद्ध हैं।

1- शोजा

शोजा उन इलाकों में से एक है जहां पर्यटकों की भीड़ कम रहती है। यह कुल्लू जिले के जलोरी दर्रे के पास बसा छोटा पहाड़ी गांव है। यहां देवदार और ओक के जंगलों के बीच से घाटी का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है। सुबह के समय जब सूरज की किरणें सामने की पहाड़ियों पर पड़ती हैं, तो वे सुनहरे रंग से खिल उठते हैं।

2- चांशल पास

शिमला के सबसे ऊंचे इलाकों में से एक चांशल पास से पहाड़ों का खूबसूरत नजारा देखने को मिलता है। यहां से आसपास की पर्वत श्रृंखलाओं और घाटियों का शानदार नजारा देखने को मिलता है। सूर्योदय के समय ऐसा लगता है कि पहाड़ सुनहरे रंग में नहाए हों। इस दौरान का नजारा बेहद ही मनमोहक होता है।

3- जंजैहली

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में स्थित जंजैहली देवदार, ओक के जंगल, बर्फ से ढकी पर्वत श्रृंखलाएं और हरे-भरे मैदानों के लिए मशहूर है। सुबह-सुबह यहां की पहाड़ियों पर पड़ने वाली धूप और घाटी में पसरी हल्की धुंध का नजारा देख शायद ही यहां से वापस जाने का मन करे।

4- किब्बर

स्पीति घाटी का किब्बर करीब 4,205 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और यह घाटी के सबसे ऊंचे बसे गांवों में शामिल है। सुबह यहां सूरज की रोशनी जब सूखे पहाड़ों और दूर बर्फीली चोटियों पर पड़ती है तो पूरा इलाका सुनहरे और नारंगी रंग में नहा उठता है।

5- हिक्किम

हिक्किम की सुबह बेहद ही खास होती है। इस दौरान का नजारा ऐसा होता है कि सूरज पहाड़ों के बीच नहीं, आसमान के बिल्कुल करीब से निकल रहा हो। स्पीति में स्थित हिक्किम में सूर्योदय का नजारा आपको यादों में हमेशा के लिए बस सकता है।

6- बारोट घाटी

नदी और पहाड़ों के बीच बसी बारोट घाटी अपने शांत वातावरण के लिए जानी जाती है। यहां सुबह नदी की आवाज, आसपास के जंगल और पहाड़ों पर पड़ने वाली पहली सूरज की किरणें मिलकर बेहद सुकून देने वाला माहौल बनाती हैं। सुबह के वक्त यहां का नजारा देखना वाकई काफी अद्भुत होता है।

7- जलोरी पास

शोजा के पास स्थित जलोरी पास के आसपास की पहाड़ियों और घाटियों का मनमोहक दृश्य देखने को मिलता है। सुबह के समय सूरज की रोशनी धीरे-धीरे आसपास की चोटियों और घाटियों में जब पड़ती है, तो उसे देखकर मन को जो सुकून मिलता है उसका अनुभव शायद ही पहले कभी किए हों।

यह भी पढ़ें
Gen Z की ट्रैवल डिक्शनरी में जुड़े 8 नए शब्द, बदल रहा है सफर का अंदाज