Offbeat Places to Visit: भागदौड़ से दूर कुछ दिन शांति और प्रकृति के बीच बिताना चाहते हैं, तो हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत गांव कल्पा जाने का प्लान कर सकते हैं। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में स्थित कल्पा एक शांत और अद्भुत जगह है, जो बर्फ से ढकी किन्नौर कैलाश पर्वतमाला, हरी-भरी घाटियां, सेब के बागान और शांत माहौल के लिए जाना जाता है। भीड़भाड़ से दूर किसी शांत जगह पर समय बिताना चाहते हैं, तो यह बेहतरीन विकल्प हो सकता है। दिल्ली से कल्पा जाने का प्लान कर रहे हैं, तो यहां दी गई ट्रैवल गाइड आपके काम आ सकती है।

जब इस गांव में सूरज की किरणें पड़ती हैं, तो पूरी घाटी सुनहरी रोशनी से चमक उठती है। दूर बर्फीली चोटियों और उनके आसपास तैरते हुए बादल अद्भुत नजारे पेश करते हैं। यहां की हवा में आपको एक अलग ताजगी का अनुभव होगा।

कल्पा में घूमने की जगहें

किन्नौर जिले में स्थित छोटा-सा गांव कल्पा को आप पैदल आसानी से एक्सप्लोर कर सकते हैं। यहां हु-बू-लान-कार मठ, चंद्रिका मंदिर, विष्णु नारायण नागिन मंदिर, सुसाइड पॉइंट, सेब के बागान, रोघी गांव, चितकुल और सांगला घूमने का प्लान कर सकते हैं। इस गांव से आपको किन्नर कैलाश का अद्भुत नजारा देखने को मिलेगा। यहां सूर्यास्त और सूर्योदय देखने का आनंद ले सकते हैं।

आसपास की जगहों को घूमने के साथ-साथ आप यहां के लोकल फूड जैसे मोमोज, थुकपा और सिड्डू का लुत्फ ले सकते हैं। पहाड़ों की ठंडी हवाओं और खूबसूरत नजारों के बीच पारंपरिक डिशेज का मजा लिया जा सकता है।

कल्पा घूमने का बेस्ट समय

कल्पा जितनी खूबसूरत जगह है वहां पहुंचने के रास्ते उतने ही खतरनाक भी हो सकते हैं। यहां घूमने का बेहतरीन समय अप्रैल से जून और सितंबर से अक्टूबर के बीच का समय यहां घूमने के लिए उपयुक्त माना जाता है। मानसून के दौरान यहां जाने से बचें क्योंकि इस दौरान भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है और रास्ते बंद हो सकते हैं।

दिल्ली से कल्पा पहुंचने का तरीका

अगर आप बस से यात्रा कर रहे हैं, तो दिल्ली के कश्मीरी गेट बस स्टैंड से शिमला के लिए बस ले सकते हैं। शिमला से रिकांग पिओ और कल्पा तक बस आसानी से मिल जाती है। रिकांग पिओ से कल्पा करीब 3 किमी है। कल्पा के लिए सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन कालका है। इसके बाद शिमला तक नैरोगेज ट्रेन या सड़क मार्ग से और फिर बस या टैक्सी से रिकांग पिओ होते हुए कल्पा पहुंच सकते हैं। कल्पा में ठहरने के लिए आप रिकांग पिओ या कल्पा दोनों जगह अपने बजट के अनुसार रूम ले सकते हैं।