Broccoli Paneer Kebab recipe: अगर आप नाश्ते में कुछ हेल्दी खाते हैं तो दिनभर एनर्जेटिक महसूस करते हैं। बहुत सारे लोग प्रोटीन डाइट पर होते हैं, ऐसे में उन्हें तलाश होती है ऐसे हाई प्रोटीन ब्रेकफास्ट कि जो न केवल जल्दी बन जाए बल्कि वजन घटाने में भी मदद करे। ब्रोकली और पनीर से आप हेल्दी कबाब बना सकते हैं। ब्रोकली विटामिन ए, के और सी के साथ-साथ आयरन और पोटेशियम से भरपूर होता है।

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

1 मध्यम आकार की ब्रोकली
200 ग्राम हरी मटर
2 बड़े चम्मच घी
200 ग्राम पनीर (कद्दूकस किया हुआ)
2 आलू (उबालकर कद्दूकस किए हुए)
कबाब पकाने के लिए घी या तेल
स्वादानुसार नमक

पेस्ट बनाने के लिए जरूरी चीजें

1 इंच अदरक
8 लहसुन की कलियां
6 हरी मिर्च

इन चीजों का चाहिए मसाला पाउडर

1/2 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
1 बड़ा चम्मच जीरा पाउडर
1 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

ब्रोकली-पनीर से टेस्टी कबाब बनाने की विधि

इसे बनाने के लिए सबसे पहले ब्रोकली को धोकर काट लें। इसे ब्लेंडर में डालकर दरदरा पीस लें। अब आपको चाहिए एक मिक्सिंग बाउल। इसमें ब्रोकली डालें। फिर पिसी हुई हरी मटर डालें। अब ब्लेंडर में कटा हुआ अदरक, लहसुन और हरी मिर्च डालकर पेस्ट बनाएं। इसे भी आप बाउल में निकाल लें। आलू को पका लें। कढ़ाई में घी गर्म करें। घी पिघलने पर अदरक-लहसुन-हरी मिर्च का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर एक मिनट तक भूनें। इसके बाद ब्रोकली और हरी मटर का मिश्रण डालें। फिर 3-4 मिनट तक भूनें। इसके बाद सभी मसाले पाउडर और नमक डालकर 2-3 मिनट तक भूनें। फिर गैस ऑफ कर दें। अब मिश्रण को एक बड़े मिक्सिंग बाउल में निकालना है। इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर और उबले और कद्दूकस किए हुए आलू डालें। स्वादानुसार नमक डालें। हाथों पर तेल लगाकर मिश्रण का एक हिस्सा लें। आप मनचाहे आकार और साइज़ के कबाब बना सकते हैं। इन्हें बनाकर कुछ देर के लिए फ्रिज में रख दें। फिर कबाब को एक पैन में हल्का सा तेल छिड़कें और धीमी आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा भूरा होने तक तलें। कबाब तैयार है। इन्हें चटनी के साथ सर्व करें।