हील्स पहनकर भले ही आपका लुक स्टाइलिश बन जाए लेकिन लंबे समय तक या बार-बार हाई हील्स पहनने से पैरों पर दबाव बढ़ सकता है। खासतौर पर पैर के अगले हिस्से और एड़ी में। इतना ही नहीं पिंडली में भी दर्द महसूस हो सकता है। इसके साथ ही खिंचाव या थकान महसूस हो सकती है। Mayo Clinic के मुताबिक हाई हील्स पैरों के अगले हिस्से पर ज्यादा वजन डालती हैं, जबकि लंबे समय तक हाई हील पहनने से एड़ी और तलवे के आसपास के ऊतकों पर भी अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।

ऐसे में आपको कुछ स्ट्रेचिंग एक्सरसाइज के बारे में पता होना चाहिए। जिससे आपको पैरों और पिंडली की मांसपेशियों को लचीला रखने और खिंचाव कम करने में मदद कर सकती हैं। हालांकि, अगर दर्द लगातार बना रहता है तो सिर्फ स्ट्रेचिंग पर निर्भर रहने के बजाय इसकी वजह जानना जरूरी है। इसके लिए आप डॉक्टर से संपर्क कर सकते हैं।

वॉल काफ स्ट्रेच

यह पिंडली और एड़ी के पीछे मौजूद मांसपेशियों को स्ट्रेच करने के लिए आसान एक्सरसाइज है।

कैसे करें: इसे करने के लिए दीवार के सामने खड़े होकर दोनों हाथ दीवार पर रखें। फिर एक पैर आगे और दूसरा पीछे रखें। इसके बाद पीछे वाले पैर की एड़ी जमीन पर टिकाए रखें। फिर आगे वाले घुटने को हल्का मोड़ते हुए शरीर को धीरे-धीरे दीवार की तरफ ले जाएं। इस दौरान आपको पीछे की पिंडली में हल्का खिंचाव महसूस होगा। फिर करीब 20-30 सेकंड इसी स्थिति में रहें और फिर पैर बदलें।

तलवे की स्ट्रेचिंग

हील्स पहनने की वजह से अगर दर्द तलवे या एड़ी के नीचे महसूस होता है तो यह स्ट्रेच उपयोगी हो सकती है।

कैसे करें: इसे करने के लिए सबसे पहले कुर्सी पर बैठकर एक पैर को दूसरे घुटने के ऊपर रखें। फिर हाथ से पैर की उंगलियों को धीरे-धीरे अपनी तरफ खींचें। इसके बाद तलवे में हल्का खिंचाव महसूस होने पर कुछ सेकंड रुकें और फिर पैर को सामान्य स्थिति में ले आएं। इस दौरान जोर न लगाएं।

एंकल रोटेशन

हील्स पहनने के बाद पैरों और टखनों में जकड़न महसूस हो तो यह हल्की एक्सरसाइज की जा सकती है।

कैसे करें: सबसे पहले आराम से बैठकर एक पैर को थोड़ा ऊपर उठाएं और टखने को धीरे-धीरे गोल घुमाएं। कुछ चक्कर एक दिशा में और फिर दूसरी दिशा में करें। इसके बाद दूसरे पैर से दोहराएं। पैरों को स्ट्रेच करने के लिए टखने को दोनों दिशाओं में घुमाना और पैर की उंगलियों को मोड़ना-सीधा करना जैसे आसान मूवमेंट मददगार हो सकते हैं।

कब सिर्फ स्ट्रेचिंग न करें?

अगर पैर या एड़ी का दर्द बहुत तेज है, चोट लगने के बाद शुरू हुआ है, सूजन है, चलने में परेशानी हो रही है या आराम करने के बावजूद दर्द कई हफ्तों तक बना हुआ है, तो डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट से सलाह लें। स्ट्रेचिंग के दौरान हल्का खिंचाव सामान्य है, लेकिन तेज या चुभने वाला दर्द महसूस हो तो एक्सरसाइज रोक दें।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी के लिए है। तेज या लगातार पैर दर्द होने पर डॉक्टर या फिजियोथेरेपिस्ट की सलाह जरूर लें।