Hibiscus Plant Mealybugs Home Remedies: गुड़हल का पौधा बहुत ही सुंदर होता है और इसके रंग-बिरंगे फूल घर की सुंदरता को बढ़ाने में मदद करते हैं। हालांकि इन पौधों में सफेद कीड़े या मिलीबग्स आसानी से लग जाते हैं जो एक आम समस्या है। इसकी वजह से पौधे की ग्रोथ रुक जाती है और नए फूल भी आना बंद हो जाते हैं। सफेद कीड़े पत्तों और कलियों से पोषक तत्वों को सोख लेते हैं जिसकी वजह से पौधे कमजोर हो जाते हैं। अगर आपके गार्डन या घर में लगे गुड़हल के पौधों में भी कीड़े लग रहे हैं तो इसके लिए घरेलू तरीकों की मदद ली जा सकती है। सही देखभाल और कुछ उपायों की मदद से कीड़ों को दूर रखा जा सकता है।
नीम का तेल
अगर पौधे में सफेद कीड़ों ने घर बना लिया है तो इसके लिए नीम का तेल कारगर उपाय हो सकता है। इसके लिए पानी में 3-4 बूंद नीम का तेल मिक्स कर दें। अब इसे किसी स्प्रे बोतल में भरकर पौधों के चारों तरफ स्प्रे करें। इससे सफेद कीड़े मर जाएंगे और पौधा वापस हरा-भरा हो जाएगा।
हल्दी का उपाय
शुरुआत तौर पर पौधों के बचाव के लिए हल्दी पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर गुड़हल के फूल को चींटियों और कीड़ों से दूर रखना है तो इसके लिए मिट्टी में हल्दी पाउडर का छिड़काव करें।
पानी का छिड़काव
अगर गुड़हल के पौधे में सफेद कीड़े लगने शुरू ही हुए हैं तो इन्हें सिर्फ पानी की मदद से भी दूर किया जा सकता है। इसके लिए कीड़े वाली जगह पर कुछ दिनों तक तेज पानी की धार डालें।
लिक्विड सोप और पानी
गुड़हल के पौधों से कीड़ों को दूर रखने के लिए लिक्विड सोप और पानी का मिश्रण मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए पानी में थोड़ा-सा लिक्विड सोप मिलाएं और इसे स्प्रे बोतल में भर लें। अब इसे हफ्ते में एक से दो बार पौधों के ऊपर स्प्रे करें जिससे कीड़ों की समस्या कम हो सकती है।
पौधों की देखभाल करने का तरीका
गुड़हल के पौधे को स्वस्थ और हरा-भरा रखने के लिए इसकी सही और नियमित देखभाल जरूरी है। पौधों को उनकी जरूरत के अनुसार पानी दें, ज्यादा या कम पानी दोनों ही नुकसान पहुंचा सकते हैं। समय-समय पर सूखी पत्तियों और टहनियों की छंटाई करें जिससे नई कलियां आ सकें। मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जैविक खाद का इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर पौधे में कीड़े लग जाते हैं तो तुरंत इसका इलाज करें। इसके अलावा पौधे को सही धूप और हवा वाली जगह पर रखें।
