पालक की मदद से आप कई सारे स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर सकते हैं। पालक का सूप, पालक पनीर, पालक की सब्जी, आलू पालक आदि। आप पालक की मदद से चटपटी चाट भी बना सकते हैं। दरअसल, शाम के वक्त जब हल्की भूख लगती है तो चाय के साथ लोग कुछ चटपटा खाना पसंद करते हैं। ऐसे में अक्सर बाजार से समोसे, पकौड़े और पैकेटबंद फूड्स मंगाते हैं। लेकिन ये फूड्स सेहत के लिए फायदेमंद नहीं होता है। शाम की चाय के साथ आप घर पर ही कम समय में आसानी से पालक की चटपटी चाट बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
पालक चाट को दही, हरी चटनी, इमली की चटनी, मसाले और सेव डालकर बनाया जाता है, जो बेहद स्वादिष्ट होती है। पालक में आयरन, फाइबर, विटामिन ए, सी और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ऐसे में यह चाट स्वाद के साथ-साथ पोषण भी देती है।
पालक चाट बनाने के लिए सामग्री
12-15 बड़े और ताजे पालक के पत्ते
1 कप बेसन
2 बड़े चम्मच चावल का आटा (अधिक कुरकुरापन के लिए)
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच हल्दी
आधा छोटा चम्मच अजवाइन
आधा छोटा चम्मच जीरा
नमक स्वादानुसार
एक चुटकी बेकिंग सोडा (वैकल्पिक)
जरूरत के अनुसार पानी
तलने के लिए तेल
आध कप फेंटा हुआ गाढ़ा दही
2-3 बड़े चम्मच हरी चटनी
2-3 बड़े चम्मच इमली-खजूर की मीठी चटनी
आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
आधा छोटा चम्मच चाट मसाला
स्वादानुसार लाल मिर्च पाउडर
बारीक कटा प्याज
बारीक कटा टमाटर
अनार के दाने (वैकल्पिक)
बारीक सेव
बारीक कटा हरा धनिया
पालक चाट बनाने की विधि
सबसे पहले पालक के पत्तों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें और कपड़े से उनका पानी सुखा लें। अब एक बड़े बर्तन में बेसन, चावल का आटा, लाल मिर्च, हल्दी, अजवाइन, जीरा और नमक मिलाएं। इसमें धीरे-धीरे पानी डालते हुए गाढ़ा और चिकना घोल तैयार कर लें।
अब कड़ाही में तेल गर्म करें। पालक के पत्तों को बेसन के घोल में अच्छी तरह डुबोकर गर्म तेल में डाल दें। इन्हें मध्यम आंच पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें। तैयार पत्तों को टिश्यू पेपर पर निकाल लें ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। अब तले हुए पालक के पत्तों को एक प्लेट में रख दें।
इनके ऊपर फेंटा हुआ दही डालें। इसके बाद हरी चटनी और इमली की चटनी डालकर फैला दें। अब चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर और लाल मिर्च पाउडर छिड़क दें। ऊपर से प्याज, टमाटर, अनार के दाने, सेव और हरा धनिया डालकर सजा दें। अब आप इसे परोस सकते हैं।
Also Read
टिक्की से रोल तक, अरबी से बनाएं 3 तरह की स्वादिष्ट डिश
