पूरे भारत में होली का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। इस मौके पर लोग एक दूसरे को रंग लगाते हैं और तरह-तरह के पकवान बनाने की परंपरा भी है। होली से पहले ही कई पकवानों की तैयारी शुरू हो जाती है, जिसमें एक गुझिया है। बिना गुझिया के होली का त्योहार अधूरा-अधूरा सा लगता है। इस मौके पर मावा, सूजी, मैदा से लेकर अन्य कई तरह की गुझिया बनाई जाती है। लेकिन, इस होली आप ऐसी गुझिया बनाएं जो सेहत के लिए फायदेमंद हो और हर कोई इसका स्वाद चख सके। दरअसल, डायबिटीज के मरीज मीठे के सेवन से बचते हैं। ऐसे में इस गुझिया को शुगर पेशेंट भी सीमित मात्रा में सेवन कर सकते हैं।
इस बार होली के मौके पर चीनी की बजाए गुड़ और नारियल से बनी गुझिया ट्राई करें। गुड़ में आयरन और अन्य आवश्यक मिनरल्स पाए जाते हैं, तो वहीं नारियल फाइबर का अच्छा स्रोत होता है। ऐसे में चीनी वाली गुझिया की तुलना में यह थोड़ी हेल्दी विकल्प साबित हो सकती है। इसकी यहां पर आसान सामग्री और बनाने की विधि गई है।
गुझिया बनाने की सामग्री
- 2 कप मैदा (या गेहूं का आटा)
- मोयन के लिए एक चौथाई कप देसी घी
- आटा गूंथने के लिए पानी
गुझिया की स्टफिंग के लिए
- 1 कप खोया
- 3/4 कप बारीक पीसा हुआ गुड़
- 1 कप सूखा कद्दूकस किया हुआ नारियल
- 2-3 बड़े चम्मच बारीक कटे हुए काजू, बादाम और पिस्ता
- 1 बड़ा चम्मच किशमिश
- 1 छोटी चम्मच इलायची पाउडर
- तलने के लिए देसी घी/रिफाइंड तेल
गुझिया बनाने की विधि
- मैदा या फिर आटा को एक बर्तन में निकाल लें और उसमें घी डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथ लें।
- आटे को गीले सूती कपड़े से 20-30 मिनट के लिए ढककर रख दें।
- एक पैन को धीमी आंच पर गर्म करें और उसमें खोया डालकर हल्का भूरा कर लें। ठंडा होने के लिए इसे एक बर्तन में निकाल कर रख दें।
- इसके बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल, कटे हुए सूखे मेवे, किशमिश और इलायची पाउडर मिला डालकर अंत में गुड़ मिला दें और अच्छी तरह से मिश्रण को मिला लें।
- आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना कर उसे पूरी की तरह पतला बेल लें। अब इसमें स्टफिंग भर दें। किनारों पर हल्का पानी लगाकर गुझिया के सांचे को अच्छी तरह से बंद करें ताकि तलते समय स्टफिंग बाहर न निकले।
- गुझिया को तैयार करके एक सूती कपड़े से ढककर रखते जाएं ताकि वे सूखे नहीं।
- अब एक कड़ाही में घी या तेल डालकर मध्यम आंच पर गर्म कर लें। तेल जब गर्म हो जाए तो इसमें एक-एक करके 4-5 गुझिया डालें।
- धीमी आंच पर गुझिया को पकाएं। जब एक तरफ से सुनहरी हो जाए तो इसे दूसरी तरफ पलट दें।
- अब इस गुझिया को एक डिब्बे में भरकर रख सकते हैं और होली के मौके पर आए मेहमानों को सर्व कर सकते हैं।
Also Read
मैदा और चीनी के बिना बनाएं हेल्दी गुझिया, बेहद आसान है रेसिपी
