Hari moong dal paratha recipe: सुबह नाश्ते में या शाम को हल्की भूख लगने पर अगर आप भी छोले-भटूरे या तली-भूनी चीजें खाते हैं तो इस आदत को थोड़ा बदल लीजिए। स्वस्थ रहने के लिए अच्छी लाइफस्टाइल और सही खानपान बहुत जरूरी है। सुबह का नाश्ता पूरे दिन की एनर्जी और मेटाबॉलिज्म के लिए अहम होता है।
छोले-भटूरे खाने में तो भले ही स्वादिष्ट लगते हैं, लेकिन इनमें रिफाइंड मैदा और डीप फ्राइंग के कारण कैलोरी और फैट अधिक होता है। इसलिए रोजाना ऐसे भारी नाश्ते की बजाय आपको प्रोटीन और फाइबर से भरा विकल्प चुनना चाहिए। इसके लिए आप अपनी डाइट में हरी मूंग दाल से बना नाश्ता शामिल कर सकते हैं।
हरी मूंग दाल से नाश्ते में बना सकते हैं ये चीजें
हरी मूंग दाल
हरी मूंग दाल चीला
स्टफ्ड मूंग दाल चीला
मूंग दाल उत्तपम
मूंग दाल ढोकला
मूंग दाल पैनकेक
मूंग दाल इडली
हरी मूंग दाल पराठा बनाने के लिए जरूरी चीजें
2 कप गेहूं का आटा
1 छोटा चम्मच तेल (वैकल्पिक)
जरूरत अनुसार पानी
1 कप साबुत हरी मूंग दाल (6–8 घंटे भिगोई हुई)
1–2 हरी मिर्च बारीक कटी
1 इंच अदरक कद्दूकस
2–3 बड़े चम्मच हरा धनिया
½ छोटा चम्मच जीरा
½ छोटा चम्मच सौंफ (वैकल्पिक)
½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
½ छोटा चम्मच धनिया पाउडर
¼ छोटा चम्मच हल्दी
½ छोटा चम्मच अमचूर या चाट मसाला
स्वादानुसार नमक
अब जानिए बनाने की विधि
आप जब भी पराठा बनाने का सोच रहे हो तो रात में मूंग दाल को धोकर 6–8 घंटे या रातभर भिगो दें। सुबह दाल का पूरा पानी निकाल दें। फिर दाल को बिना ज्यादा पानी डाले दरदरा पीस लें। इस बात का ध्यान रखें कि इसका पेस्ट बिल्कुल पतला न हो। इसके बाद दाल को किसी बाउल में निकाल लें। फिर पिसी हुई दाल में सभी मसाले, अदरक, हरी मिर्च और हरा धनिया मिला दें।
इसके बाद गेहूं के आटे में नमक डालकर नरम आटा गूंध लें। आटे को 15 मिनट ढककर रख दें। फिर आटे की लोई बनाकर बीच में दाल की स्टफिंग भरें। इसके बाद किनारों को अच्छी तरह बंद करें। हल्के हाथ से पराठा बेलें। साथ ही साथ तवे को गर्म करने के लिए गैस पर रख दें। गरम तवे पर दोनों तरफ सुनहरा होने तक सेकें। जरूरत अनुसार हल्का घी या तेल लगाकर कुरकुरा होने तक पकाएं। इसके आप दही, हरी चटनी, अचार या रायते के साथ गर्मागर्म सर्व कर सकते हैं।
हरी मूंग दाल का पराठा क्यों है अच्छा विकल्प?
मूंग दाल फाइबर का अच्छा स्रोत है, जिससे देर तक पेट भरा महसूस हो सकता है।
आयरन, फोलेट, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व मिलते हैं।
कम तेल में बनाने पर यह डीप फ्राइड नाश्ते की तुलना में हल्का विकल्प हो सकता है।
दही या रायते के साथ खाने पर भोजन अधिक संतुलित बन सकता है।
