आजकल कई महिलाएं कॉलेज, ऑफिस, डेट या शॉपिंग ही नहीं, बल्कि जिम में भी खुद को फ्रेश-प्रेजेंटेबल और कॉन्फिडेंट रखना पसंद करती हैं। आजकल बहुत सारे लोग जिम में रिल्स बनाते हैं, ऐसे में वहां भी सुंदर दिखना जरूरी हो गया है। कई बार जिम जाने से पहले हल्का-सा मेकअप तो कर लिया जाता है, लेकिन कुछ ही देर की एक्सरसाइज के बाद पसीने की वजह से पूरा लुक बिगड़ने लगता है।
वर्कआउट के दौरान आने वाला पसीना मेकअप को खराब कर सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या ऐसा मेकअप किया जा सकता है जो एक्सरसाइज के दौरान भी ज्यादा न फैले? जवाब है हां। बस इसके लिए सही प्रोडक्ट और सही तकनीक चुनना जरूरी है। आइए जानते हैं कुछ आसान मेकअप ट्रिक्स, जो जिम में भी आपके लुक को फ्रेश बनाए रखने में मदद कर सकती हैं।
चेहरे को अच्छे से करें साफ
मेकअप करने से पहले चेहरे पर जमा धूल, तेल और गंदगी को फेसवॉश से साफ करना बेहद जरूरी है। स्किन साफ नहीं है तो पसीना आने पर मेकअप जल्दी खराब हो सकता है। इससे मुंहासों की समस्या भी बढ़ सकती है।
प्राइमर लगाना न छोड़ें
अगर आपकी त्वचा ज्यादा ऑयली है या आपको बहुत पसीना आता है, तो मेकअप से पहले प्राइमर लगाएं। यह त्वचा को स्मूद बनाता है और मेकअप को लंबे समय तक टिकाए रखने में मदद करता है।
- मॉइस्चराइजर और सनस्क्रीन
अगर आप दिन में जिम जा रहे हैं, तो सनस्क्रीन लगाना न भूलें। इसके बाद हल्का, ऑयल-फ्री मॉइस्चराइजर लगाएं। इससे त्वचा हाइड्रेट रहती है और मेकअप पैची नहीं दिखता।
जहां जरूरत हो, वहीं कंसीलर लगाएं
जिम जाते समय पूरे चेहरे पर कंसीलर लगाने की जरूरत नहीं होती। सिर्फ डार्क सर्कल, पिंपल के निशान या दाग-धब्बों पर थोड़ा-सा कंसीलर लगाएं। इससे चेहरा फ्रेश लगेगा।
हैवी फाउंडेशन की जगह हल्का बेस चुनें
जिम में कभी भी मोटी परत वाला फाउंडेशन लगाकर न जाएं। इसकी जगह बीबी क्रीम, स्किन टिंट या हल्का टिंटेड मॉइस्चराइजर इस्तेमाल करें। इससे चेहरा नेचुरल दिखता है। पसीना आने पर मेकअप के बहने की संभावना भी कम रहती है।
पाउडर का इस्तेमाल सीमित करें
अगर आपकी त्वचा बहुत ऑयली है, तो सिर्फ माथे, नाक और ठुड्डी पर हल्का कॉम्पैक्ट या ट्रांसलूसेंट पाउडर लगाएं। पूरे चेहरे पर ज्यादा पाउडर लगाने से पसीने के बाद मेकअप पैची दिख सकता है।
वाटरप्रूफ आई मेकअप चुनें
अगर आप मस्कारा या आईलाइनर लगाती हैं, तो वाटरप्रूफ प्रोडक्ट चुनें। इससे पसीना आने पर आई मेकअप फैलने की संभावना कम रहती है।
आइब्रो को जेल से सेट करें
अगर आपकी आइब्रो हल्की हैं, तो पहले आइब्रो पेंसिल से हल्के स्ट्रोक बनाएं और फिर आइब्रो जेल लगाकर बालों को सेट कर दें। इससे आइब्रो लंबे समय तक सेट रहेंगी।
लिप टिंट या लिप बाम लगाएं
जिम के लिए मैट या हैवी लिपस्टिक की बजाय हल्का लिप टिंट या रंग वाला लिप बाम बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे होंठ भी मुलायम रहते हैं और चेहरा फ्रेश दिखता है।
मेकअप को सेट करना न भूलें
मेकअप पूरा होने के बाद सेटिंग स्प्रे का हल्का इस्तेमाल करें। इससे मेकअप अपनी जगह पर बना रहने में मदद मिल सकती है।
पसीना आए तो चेहरा रगड़कर न पोंछें
वर्कआउट के दौरान पसीना आने पर तौलिये से चेहरा जोर-जोर से रगड़ने की बजाय हल्के हाथ से थपथपाकर सुखाएं। इससे मेकअप खराब होने की संभावना कम रहती है।
वर्कआउट खत्म होते ही चेहरा साफ करें
जिम से आने के बाद मेकअप उतारना न भूलें। पहले मेकअप रिमूवर या माइसेलर वॉटर से मेकअप साफ करें, फिर फेसवॉश से चेहरा धो लें। इससे त्वचा के रोमछिद्र साफ रहते हैं।
