शाम की चाय के साथ कुछ अलग खाने का मन है तो आप गुजराती स्टाइल खस्ता वड़ा बना सकते हैं। कम सामग्री और कम समय में आप इसे तैयार कर सकती हैं। बाजार जैसा स्वाद पाने के लिए बस आपको इसके लिए जरूरी सामान और सही रेसिपी की जरूरत है। एक बार जो भी इसे खाएगा वो बार-बार इसे खाने की डिमांड करेगा। आने वाले बारिश के मौसम के लिए तो यह बिल्कुल परफेक्ट रेसिपी है। चना दाल और मसालों से तैयार होने वाला यह पारंपरिक स्नैक बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम होता है।
वड़ा बनाने के लिए जरूरी चीजें
1 कप चना दाल
2 बड़े चम्मच चावल का आटा
2–3 हरी मिर्च बारीक कटी हुई
1 छोटा टुकड़ा अदरक कद्दूकस किया हुआ
8–10 करी पत्ते बारीक कटे हुए
2 बड़े चम्मच हरा धनिया कटा हुआ
½ छोटा चम्मच हल्दी
½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
½ छोटा चम्मच जीरा
एक चुटकी हींग
स्वादानुसार नमक
तलने के लिए तेल
सबसे पहले करें ये तैयारी
वड़ा बनाने के लिए सबसे पहले चना दाल को अच्छी तरह धोकर 4–5 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। दाल का पानी निकाल लें और इसे मिक्सर में दरदरा पीस लें। बैटर ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए। अब आपको पिसी हुई दाल में चावल का आटा, हरी मिर्च, अदरक, करी पत्ता, धनिया, जीरा, हींग, हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लेना है।
बनाने की विधि
सबसे पहले कड़ाही में तेल गर्म करें। इस बात का ध्यान रखें कि तेल मध्यम आंच पर होना चाहिए। फिर हाथों को हल्का गीला करें और मिश्रण से छोटे-छोटे वड़े बनाएं। चाहें तो बीच में हल्का छेद भी कर सकते हैं। इसके बाद वड़ों को धीरे-धीरे तेल में डालें। इसके बाद मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। बहुत तेज आंच पर तलने से वड़े बाहर से पक जाएंगे लेकिन अंदर कच्चे रह सकते हैं। फिर तले हुए वड़ों को टिश्यू पेपर पर निकाल लें।
खस्ता वड़ा बनाने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
दाल को बारीक नहीं, बल्कि दरदरा पीसें। मिश्रण में बहुत ज्यादा पानी नहीं डालना है, इसे बिल्कुल कम रखें। अगर आप चाहें तो चावल का आटा भी मिला सकते हैं। इससे वड़े ज्यादा कुरकुरे बनते हैं। तलते समय आंच मध्यम रखें। अगर आप बिल्कुल गुजराती स्वाद चाहते हैं तो मिश्रण में 1 छोटा चम्मच चीनी या थोड़ा सा गुड़ भी मिला सकते हैं। इससे स्वाद में हल्की मिठास आएगी, जो गुजराती व्यंजनों की खास पहचान मानी जाती है।
