शहरों में जगह की कमी के कारण अधिकतर लोग अपनी छत या फिर बालकनी में होम गार्डनिंग करने लगे हैं। ऐसे में आप छत पर टमाटर के पौधे को भी आसानी से उगा सकते हैं। दरअसल, टमाटर एक ऐसा पौधा है, जिसे कम देखभाल के साथ भी आसानी से उगाया जा सकता है।

टमाटर के पौधे को उगाने के लिए महंगे गमले की भी जरूरत नहीं होती है। आप इसके पौधे को प्लास्टिक या जूट के बोरे में भी उगाकर अच्छी पैदावार ले सकते हैं। यहां हम आपके लिए इसे उगाने की सही विधि के बारे में बताएंगे, जिसे आप फॉलो कर सकते हैं।

पौधे के लिए बोरे को करें तैयार

बोरे में टमाटर का पौधा उगाने के लिए सबसे पहले एक मजबूत बोरा लें। अब इसमें मिट्टी, गोबर की सड़ी खाद या कंपोस्ट और थोड़ा रेत मिलाकर भर दें। हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि मिट्टी भुरभुरी और पोषक तत्वों से भरपूर हो।

बोरे में लगाएं पौधे

अब आप बोरे में 3-4 इंच की दूरी पर गोलाकार में 4 छेद कर लें। इसके अलावा बोरे के नीचे भी छेद करें, जिससे पानी का निकास सही से हो जाए। अंत में आप बोरे के इन छेदों में टमाटर का पौधा लगा दें।

धूप और पानी का रखें ध्यान

टमाटर के पौधों को रोज कम से कम 5-6 घंटे की धूप की जरूरत होती है। ऐसे में बोरे को धूप वाली जगह पर रखें। वहीं टमाटर के पौधे को रोज पानी दें। हालांकि इस बात का ध्यान रखें कि बोरे में पानी जमा न हो। अधिक पानी पौधे को नुकसान पहुंचा सकता है।

पौधे को सपोर्ट के लिए करें फेंसिंग

करीब 20 दिनों में टमाटर की बेल काफी बढ़ जाती है, ऐसे में उसे सहारे की जरूरत पड़ती है। इसके लिए अलग से स्टैंड खरीदने की बजाय आप बोरे के किनारों को ऊपर की ओर मोड़कर मजबूत डंडियां लगा सकते हैं या बोरे से रस्सी बांधकर ऊपर की ओर खींच सकते हैं। इससे पौधे को सहारा मिलेगा और फल जमीन से ऊपर रहेंगे। इस तरह आप बोरे में टमाटर आसानी से उगा सकते हैं।