घर को खूबसूरत और आकर्षक बनाने के लिए ज्यादातर लोग बालकनी, छत या गमलों में तरह-तरह के पौधे लगाना पसंद करते हैं। पौधे हवा को शुद्ध रखने के अलावा घर के माहौल को भी खुशनूमा बनाए रखने में मदद करते हैं। अगर आप भी अपने घर पर सजावटी और सुंदर फूलों को लगाना चाहते हैं, तो अक्टूबर का महीना बेहतरीन समय हो सकता है। इस दौरान कुछ पौधों को बीजों की बजाय कटिंग से भी उगाया जा सकता है। आइए जानते हैं किन पौधों को घर पर कटिंग से आसानी से लगाया जा सकता है।

गुलशाम या नीला एरेन्थेमम

घर की बालकनी या छत को सजाने के लिए गुलशाम का पौधा लगाया जा सकता है। इसकी पत्तियां रंगीन होती हैं और इसमें खूबसूरत फूल खिलते हैं। इसे आप गमले में कटिंग से तैयार कर सकते हैं। इसकी कटिंग लें जिसमें नोड्स हों। इसे अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी में लगाएं। कम धूप में भी यह पौधा अच्छी तरह बढ़ सकता है।

क्रोटोन

यह एक सुंदर सजावटी पौधा है, जिसकी कटिंग से पौधा तैयार किया जा सकता है। इसके लिए अक्टूबर का महीना बेहतरीन साबित हो सकता है। इसकी कटिंग को स्वस्थ पौधे से लें और रेत या मिट्टी के मिश्रण में लगा दें। कटिंग के नीचे के हिस्से की सारी पत्तियों को हटा दें और ऊपर की पत्तियां रहने दें। लगाने के बाद इसे हल्का पानी दें और गमले को ऐसी जगह रखें जहां ज्यादा तेज धूप न आती हो।

मनी प्लांट

मनी प्लांट को नोड वाली पत्ती से आसानी से उगाया जा सकता है। यह गमले या कांच की बोतल में भी लग जाती है। इसे लगाने के लिए मिट्टी को नम रखें और ड्रेनेज का ध्यान रखें। यह घर की सुंदरता को बढ़ाने में भी मदद करता है।

ड्रेसीना प्लांट

ड्रेसीना खूबसूरत और कम देखभाल में उगने वाला इंडोर पौधा है। इसे आप कटिंग से आसानी से तैयार कर सकते हैं। इसकी कटिंग को करीब 10 से 15 दिन में पानी में रखें। इसके बाद अच्छी भुरभुरी मिट्टी में इसे करीब 1 या 2 इंच मिट्टी के अंदर दबा दें। ऊपर से हल्का पानी दें। इसे ऐसी जगह पर नहीं रखें जहां सीधी धूप आती हो।

स्नेक प्लांट

स्नेक प्लांट की छोटी-छोटी कटिंग को गमले या कप में भी लगाया जा सकता है। यह बेडरूम, लिविंग रूम या डाइनिंग रूम की शोभा बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। इसकी पत्ती को पर्याप्त ड्रेनेज वाली भुरभुरी मिट्टी में इसे लगाएं। ऊपर से हल्का पानी दें और इसे छाया में रख दें।

अजवाइन

अजवाइन का पौधा कटिंग से तैयार किया जा सकता है। इसके लिए अजवाइन के पौधे से 4 से 6 इंच की कटिंग को तिरछा काटें। इसके नीचे की पत्तियों को हटा दें और ऊपरी पत्तियों को रहने दें। अब हल्की मिट्टी या कोकोपीट में इस कटिंग को लगा दें।

बेगोनिया

इस समय गार्डन में बेगोनिया का पौधा भी लगाया जा सकता है। इसे लगाने के लिए बीज की नहीं बल्कि कटिंग की जरूरत होगी। जिसे गमले या क्यारी में लगा सकते हैं। किसी स्वस्थ पौधे से इसकी कटिंग चुनें। इसे हल्की और भुरभुरी मिट्टी में लगाएं। ध्यान रखें कि इस पौधे को तेज धूप में न रखें।

वाइट गोसामार

वाइट गोसामार खूबसूरत और छांव वाला पौधा है, जिसके पत्ते सूखने पर सफेद रंग के दिखते हैं। इसे कटिंग से लगाया जा सकता है। जिसके लिए हल्की और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी की जरूरत होती है। इसे छोटा या बड़े दोनों तरह के गमले में लगाया जा सकता है।

यूफोरिया मिली

इस पौधे को क्राउन ऑफ थॉर्न्स यानी कांटों का ताज भी कहा जाता है। इसे लगाने के लिए कटिंग को करीब एक दिन तक सूखने के लिए रख दें। उसके बाद इसकी कटिंग लगाएंगे तो पौधा अच्छी तरह ग्रोथ कर सकता है। इसकी कटिंग को ज्यादा पानी नहीं देना है और कम धूप वाली जगह पर रखें।

लकी बैम्बू

लकी बैम्बू कटिंग से पानी या मिट्टी दोनों में उगाया जा सकता है। इसे लगाने के लिए करीब 5 से 6 इंच की कटिंग लें। निचली पत्तियों को निकाल दें ताकि ये मिट्टी में सड़ें नहीं। अगर इसे पानी में लगा रहे हैं, तो दो या तीन हफ्ते में पानी बदलते रहें। इसे हवादार और खुली जगह पर रखें।