Monsoon Flowering Plants from Cuttings: बारिश का मौसम बागवानी करने के लिए अच्छा माना जाता है। इस दौरान वातावरण में नमी बनी रहती है, जो कटिंग की वृद्धि के लिए अनुकूल मानी जाती है। यही कारण है कि कई लोग इस दौरान नए पौधे लगाना पसंद करते हैं। अगर आप भी अपने गार्डन या बालकनी में रंग-बिरंगे फूलों के पौधे लगाना चाहते हैं, तो बीज की बजाय कटिंग से इन्हें लगा सकते हैं। सही देखभाल के साथ कटिंग से पौधे अच्छी तरह बढ़ सकते हैं।

कटिंग लगाने का तरीका

कटिंग लगाने के लिए सबसे पहले पौधे की 5-8 इंच लंबी और स्वस्थ शाखा चुनें। नीचे की पत्तियां हटा दें और ऊपर सिर्फ 2-3 पत्तियां रहने दें। गमले में मिट्टी, रेत और कम्पोस्ट का मिश्रण तैयार करें। इसमें कटिंग को करीब 2-3 इंच की गहराई तक लगाएं। इसके बाद हल्का पानी दें और गमले को ऐसी जगह रखें जहां हल्की धूप आती हो। मिट्टी में नमी बनाए रखें लेकिन इसमें ज्यादा पानी जमा न होने दें।

गुलाब

लाल, पीले और सफेद रंग के गुलाब के पौधे बहुत ही सुंदर लगते हैं। इन्हें हर कोई घर पर लगाना पसंद करता है। इसे आप मानसून में आसानी से कटिंग की मदद से तैयार कर सकते हैं। इसकी कटिंग को अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी में लगाएं।

गुड़हल

गुड़हल के पौधे की कटिंग मानसून में लगाई जा सकती है। इसे ऐसी जगह पर रखें जहां हल्की धूप और पानी मिल सके। लेकिन ध्यान रखें कि पौधे को जरूरत से ज्यादा पानी न दें।

बोगनवेलिया

घर की दीवारों को सजाना चाहते हैं तो बोगनवेलिया को लगा सकते हैं। कम देखभाल में यह अच्छी ग्रोथ कर सकता है। इसकी मोटी और स्वस्थ शाखा की कटिंग लेकर रेतीली मिट्टी में लगा सकते हैं।

मोगरा

गार्डन को खुशबूदार फूलों से महकाना चाहते हैं, तो मोगरे की कटिंग लगा सकते हैं। इसकी कटिंग लगाने के बाद मिट्टी को नम रखें। पौधे को तेज बारिश से बचाने की कोशिश करें।

चांदनी

सफेद फूलों वाला चांदनी का पौधा मानसून में लगाना अच्छा माना जाता है। इसे हल्की धूप वाली जगह पर रख सकते हैं। समय-समय पर इस पौधे को पानी और खाद देते रहें।

टेकोमा

पीले या नारंगी फूलों वाला टेकोमा गार्डन की खूबसूरती बढ़ाने का काम करता है। इसकी स्वस्थ कटिंग को हल्की नमी वाली मिट्टी में लगाएं। पौधे में कुछ समय बाद पौधे में नई पत्तियां निकलने लगेंगी।

अलामांडा

अलामांडा बड़े और पीले फूलों वाला पौधा है जिसे लोग घर पर सजावट के लिए लगाते हैं। इसकी कटिंग को जैविक खाद मिली मिट्टी में लगाएं और शुरुआत में तेज धूप से बचाकर रखें।

मधुमालती

मधुमालती एक बेल वाला पौधा है, जो रंग-बिरंगे और खुशबूदार फूलों के लिए जाना जाता है। इसकी कटिंग लगाने के बाद लकड़ी या किसी मजबूद सहारे का इस्तेमाल करें, जिससे बेल अच्छी तरह बढ़ सके।

चंपा

चंपा का खुशबूदार फूल हर किसी को पसंद आता है। इसे कटिंग से गमले में आसानी से लगाया जा सकता है। इसके लिए मोटी और स्वस्थ कटिंग का इस्तेमाल करें और साथ ही मिट्टी में पानी का जमाव होने से बचाएं।

रुक्मिणी फूल

रुक्मिणी का पौधा कटिंग से तैयार किया जा सकता है। इसे लगाने के लिए उपजाऊ और अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी चुनें। नियमित देखभाल और हल्की धूप मिलने पर यह पौधा अच्छी तरह बढ़ सकता है।