गाजर को भी आप घर की बालकनी में उगा सकते हैं। अगर आपके घर में छोटी सी बालकनी या धूप वाली जगह है, तो एक सही गमले में आप घर पर ही ताजी गाजर उगा सकते हैं। खास बात यह है कि इसके लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। बस सही गमला, अच्छी मिट्टी, सही मौसम और थोड़ी सी देखभाल। इससे आपके गमले में इतनी गाजर आएंगी आप इन्हीं गाजरों से घर पर हलवा बनाकर स्वाद ले पाएंगे। आइए जानते हैं अब इसके बारे में।

गमले में गाजर उगाने के लिए कैसा गमला लें?

गाजर जमीन के अंदर विकसित होती है, इसलिए गमले की गहराई सबसे ज्यादा मायने रखती है। छोटी और गोल जड़ वाली किस्मों के लिए करीब 12 इंच गहरा गमला सही रहता है। वहीं लंबी गाजर की किस्म उगाने के लिए लगभग 18-20 इंच गहरा कंटेनर लेना चाहिए। साथ ही इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि गमले के नीचे पानी बाहर निकलने के लिए पर्याप्त ड्रेनेज होल जरूर होने चाहिए। पानी जमा रहने से जड़ सड़ सकती है और पौधे को नुकसान पहुंच सकता है।

छोटी जगह के लिए चुनें सही किस्म

बालकनी या गमले में गाजर उगाने के लिए ऐसी किस्में चुनना सही रहता है जिनकी जड़ बहुत लंबी न हो। कम लंबाई वाली किस्में कंटेनर गार्डनिंग के लिए अच्छी मानी जाती हैं। बीज खरीदते समय पैकेट पर किस्म की लंबाई और कंटेनर में उगाने से जुड़ी जानकारी भी जरूर देखें।

गाजर के लिए कैसी मिट्टी तैयार करें?

गाजर के लिए मिट्टी भुरभुरी, हल्की और पानी की अच्छी निकासी वाली होनी चाहिए। ऐसा इसलिए जरूरी है ताकि जड़ को नीचे बढ़ने में रुकावट न आए। बहुत ज्यादा कड़ी या भारी मिट्टी में गाजर टेढ़ी-मेढ़ी या छोटी रह सकती है।

बीज बोने का सही तरीका

गाजर की खास बात यह है कि इसके बीजों को सीधे उसी गमले में बोना बेहतर होता है, जिसमें पौधा बढ़ना है। इसकी जड़ों को बार-बार निकालकर दूसरी जगह न लगाएं।

बीजों को मिट्टी में करीब ¼ इंच गहराई पर डालें। कोशिश करें कि बीजों के बीच लगभग 1.5 से 3 इंच की जगह रहे। बहुत पास-पास बीज बोने पर बाद में पौधों को पर्याप्त जगह नहीं मिलती। बीज बोने के बाद ऊपर से मिट्टी की बहुत मोटी परत न डालें और हल्का पानी दें।

बीज जल्दी अंकुरित हों, इसके लिए क्या करें?

बुवाई से पहले बीजों को करीब 24 घंटे पानी में भिगोना अंकुरण में मदद कर सकता है। हालांकि यह जरूरी नहीं है और अच्छे बीज बिना भिगोए भी अंकुरित हो सकते हैं।

गाजर के बीजों को अंकुरित होने में आमतौर पर कुछ दिन से लेकर दो सप्ताह या उससे थोड़ा ज्यादा समय लग सकता है।

पानी देते समय इस बात का रखें ध्यान

गाजर के बीज बोने के बाद मिट्टी में लगातार हल्की नमी बनाए रखना जरूरी है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि गमले में पानी भरकर रखा जाए।

गाजर के गमले को कहां रखें?

गाजर को अच्छी रोशनी और धूप पसंद है। इसलिए गमले को बालकनी की ऐसी जगह रखें जहां उसे रोजाना करीब 6-8 घंटे धूप मिल सके।

गाजर लगाने का सही समय

गाजर ठंडे मौसम की फसल है। भारत के कई हिस्सों में इसकी बुवाई का समय स्थानीय मौसम और किस्म के हिसाब से अलग हो सकता है।

आम तौर पर उत्तर भारत में सर्दियों के आसपास गाजर उगाना आसान रहता है। एशियाई किस्मों की बुवाई कुछ जगहों पर अगस्त-सितंबर के आसपास और यूरोपीय किस्मों की अक्टूबर-नवंबर के आसपास की जाती है। कई किस्में करीब 2-3 महीने में तैयार हो जाती हैं, जबकि कुछ को इससे ज्यादा समय भी लग सकता है।