शहरों में रहने वाले अपनी बालकनी और घर की छत पर गार्डनिंग करते हैं। इस छोटे से गार्डन में लोग तरह-तरह के फूल, हरे पौधे और कई तरह की सब्जियां भी उगाते हैं। घर पर उगाई गईं सब्जियां ऑर्गेनिक के साथ ही ताजी भी होती हैं, ऐसे में यह बाजार में मिलने वाली सब्जियों के मुकाबले सेहत के लिए अधिक फायदेमंद होती हैं। लोग भिंडी, करेला, लौकी, धनिया, मिर्च और बैंगन जैसी कई सब्जियों की बागवानी घर पर करते हैं। इन्हीं में से एक बीन्स भी है, जिसे आप घर पर आसानी से गमले में उगा सकते हैं।

भारतीय रसोई में बीन्स से कई स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए जाते हैं। हरी बीन्स में प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं। इसका इस्तेमाल सब्जी, सूप से लेकर सलाद तक में किया जाता है। अगर आप भी घर पर ताजी बीन्स उगाना चाहते हैं, तो आइए जानते हैं इसका पौधा लगाने का सही तरीका और देखभाल कैसे करें।

1- ऐसा होना चाहिए गमला

किसी भी फूल, सब्जी या पौधे को लगाने के लिए सबसे जरूरी होता है गमले का सही चुनाव करना। क्योंकि, अगर गमला छोटा या सही नहीं हुआ तो इसका असर पौधे की वृद्धि पर पड़ता है। बीन्स के लिए 12-15 इंच गहरा और चौड़ा गमला बेहतर माना जाता है। हालांकि, गमला मजबूत होना चाहिए ताकि पौधा का भार संभाल सके

2- मिट्टी तैयार करें

बीन्स के पौधे की मिट्टी ऐसी होनी चाहिए कि जड़ों को पर्याप्त हवा मिलती रहे और पानी भी जमा न हो। इसके लिए आप गार्डन मिट्टी, वर्मीकम्पोस्ट और कोकोपीट मिलाकर मिट्टी तैयार कर सकते हैं। ऐसी मिट्टी बीन्स के पौधे के लिए उपयुक्त मानी जाती है। गमले के नीचे जल निकासी के लिए पर्याप्त छेद होने चाहिए।

3- अब बीज लगाएं

बीज आप नर्सरी या गार्डनिंग स्टोर से खरीद सकते हैं। गमले में मिट्टी भरने के बाद बीन्स के बीजों को लगभग 2-3 सेंटीमीटर गहराई में बोया जा सकता है। गमले में अधिक बीज न डालें, क्योंकि इससे पौधे को फैलने में समस्या होगी। बीज डालने के बाद ऊपर से मिट्टी की हल्की परत डालकर पानी का हल्का छिड़काव कर दें।

4- पौधे को कहां रखें

हर पौधे की धूप और पानी की जरूरत अलग-अलग होती है। किसी को अधिक धूप पसंद है, किसी की छांव में ज्यादा ग्रोथ होती है। वहीं, कई पौधे कम या ज्यादा पानी वाले भी होते हैं। बीन्स के पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए पर्याप्त धूप की जरूरत होती है। गमले को ऐसी जगह पर रखना चाहिए जहां इसे रोजाना लगभग 6-8 घंटे की धूप मिल सके।

5- पानी देने का सही तरीका

बीन्स के पौधे की मिट्टी में हल्की नमी बनाए रखना जरूरी है, हालांकि ध्यान रहे कि गमले में पानी इकट्ठा नहीं होना चाहिए। जब मिट्टी की ऊपरी परत हल्की सूखी लगे, तब पानी दें। बहुत ज्यादा पानी देने से जड़ें सड़ सकती हैं।

6- बेल को सहारा कैसे दें

बीन्स के पौधे कई तरह के होते हैं, जिसमें बेल वाली भी होती हैं। ऐसे पौधे को बढ़ने के साथ उसे सहारे की जरूरत होती है। ऐसे में गमले में एक लकड़ी की स्टिक या बांस की डंडी लगा दें। इससे बेल जमीन पर फैलने के बजाय ऊपर की ओर बढ़ती है।

7- कब और कितना डालनी चाहिए खाद

किसी भी पौधे की अच्छी वृद्धि के लिए खाद बेहद जरूरी है। लेकिन इससे भी जरूरी है कि कब और कितना खाद डालना चाहिए। बीन्स के पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए आप हर 15-20 दिनों पर हल्की जैविक खाद डाल सकते हैं। इसमें वर्मीकम्पोस्ट या अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद डालें और मिट्टी की ऊपरी परत को हल्के हाथ से मिला दें। ध्यान रहे मिट्टी में अधिक खाद न डालें, इससे पौधा खराब हो सकता है।

कब करें तुड़ाई

सही देखभला करने पर बीन्स के पौधे में फूल करीब 35 से 50 दिनों में आने लगते हैं। आमतौर पर फूल आने के करीब 10-15 दिनों में फलियां तैयार हो जाती हैं। जब फलियां अच्छी तरह विकसित हो जाएं लेकिन बहुत मोटी और सख्त न हुई हों, तब उन्हें तोड़ना बेहतर माना जाता है। सामान्य तौर पर फलियां 50 से 70 दिनों में तोड़ने लायक हो जाती हैं। ध्यान रहे फलियों को समय-समय पर तोड़ते रहें, ताकि पौधे पर नई फलियां भी आ सकें। ऐसे में आप घर पर ही आसानी से बीन्स का पौधा लगाने के साथ सही से देखभाल कर सकते हैं।

डिस्क्लेमर: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए विशेषज्ञ से जरूर परामर्श करें।

यह भी पढ़ें
छोटी बालकनी में भी लगा सकते हैं भिंडी का पौधा, ऐसे करें देखभाल