Glass Table Cleaning Tips: कांच की टेबल दिखने में बहुत सुंदर लगती है जिसकी वजह से लोग अक्सर इसे अपने होम डेकोरेशन का हिस्सा बनाते हैं। लेकिन पानी के दाग, उंगलियों के निशान, धूल और अन्य दाग-धब्बों की वजह से कांच की टेबल बहुत जल्दी गंदी दिखने लगती है। कई बार टेबल को अच्छी तरह साफ करने के बाद भी कांच पर धब्बे और लकीरें नजर आती रहती हैं। ऐसे में टेबल साफ दिखने के बजाय और ज्यादा गंदी लग सकती है।
अगर आपकी कांच की टेबल पर भी सफाई के बाद दाग रह जाते हैं, तो महंगे क्लीनर खरीदने की जगह कुछ घरेलू तरीकों की मदद ली जा सकती है। जिससे टेबल की चमक लंबे समय तक नई जैसी बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
नमक और सिरका
कांच की टेबल की सफाई करने के लिए सिरका, नमक और पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए बराबर मात्रा में सफेद सिरका, नमक और गुनगुना पानी मिलाकर मिश्रण तैयार कर लें। अब इसे एक स्प्रे बोतल में भर लें और कांच की सतह पर स्प्रे करें। अब माइक्रोफाइबर कपड़े की मदद से कांच को साफ करें। सिरका कांच पर जमे पानी के निशान, धूल और चिकनाई को हटाने में मदद कर सकता है।
सिरका और बेकिंग सोडा
कांच की टेबल की चमक वापस लाने के लिए सिरका और बेकिंग पाउडर मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए सिरका, बेकिंग पाउडर और पानी का मिश्रण तैयार कर लें। इसकी मदद से कांच की टेबल को साफ करें जिससे निशान आसानी से साफ हो जाएंगे। ध्यान रखें कि सफाई के लिए हमेशा मुलायम कपड़ा इस्तेमाल करें।
लिक्विड डिशवॉश और गर्म पानी
अगर कांच की टेबल पर चाय, कॉफी या अन्य चीजों के धब्बे या चिकनाई का निशान है, तो इसे साफ करने के लिए लिक्विड डिशवॉश और गरम पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए हल्के गुनगुने पानी में कुछ बूंदें लिक्विड डिशवॉश की डालकर घोल तैयार कर लें। अब माइक्रोफाइबर कपड़े को मिश्रण में भिगोकर टेबल को साफ करें। इसके बाद सूखे कपड़े से टेबल को साफ कर लें जिससे कांच पर पानी के दाग नहीं पड़ेंगे।
टेबल को साफ रखने का तरीका
कांच की टेबल पर अक्सर हम पानी का गिलास, चाय या कॉफी का कप यूं ही रख देते हैं। जिसके निशान टेबल पर लग जाते हैं जो आसानी से नहीं निकलते हैं। इससे बचने के लिए आप चाय या कॉफी कप मैट (कोस्टर) का इस्तेमाल कर सकते हैं।
कई बार हम कांच के टेबल की सफाई सिर्फ ऊपर से करते हैं जिसकी वजह से दाग नहीं जाते हैं। इसलिए टेबल के दोनों तरफ सफाई करना जरूरी है जिससे टेबल पर निशान नहीं दिखेंगे।
टेबल को साफ करने के लिए किसी भी क्लीनर का इस्तेमाल करने से पहले धूल-मिट्टी को मुलायम कपड़े या सॉफ्ट ब्रश की मदद से हटा दें। इसके बाद ही क्लीनर या स्प्रे करके कांच की टेबल को साफ करें।
टेबल को साफ करने के लिए माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें जिससे कांच पर निशान नहीं लगते हैं और यह आसानी से चमक जाती है।
