महिला हो या पुरुष दोनों के पास टी-शर्ट का एक बड़ा कलेक्शन होता है। समय के साथ जब ये टी-शर्ट पुरानी हो जाती हैं या इनका फैशन खत्म हो जाता है, तो इन्हें बेकार समझकर अलमारी के किसी कोने में रख दिया जाता है या फेंक दिया जाता है। लेकिन इन टी-शर्ट का इस्तेमाल आप अपने घर में सजावट के लिए कर सकते हैं। दरअसल, इन दिनों घर में पड़ी बेकार और पुरानी चीजों से सजावटी और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजों को बनाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में आप अपनी पुरानी टी-शर्ट का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
1- बनाएं आकर्षक कुशन कवर
पुरानी टी-शर्ट की मदद से आप अपने कुशन के लिए आकर्षक कवर बना सकते हैं। इसके लिए टी-शर्ट के अलग-अलग हिस्सों को छोटे चौकोर या आयताकार टुकड़ों में काट लें। इनमें अलग रंग, प्रिंट और टेक्सचर वाली टी-शर्ट के टुकड़े शामिल करें। अब इन टुकड़ों को जोड़कर पैचवर्क तैयार करें और उससे कुशन का कवर सिल दें।
2- बोहो स्टाइल मैट
पुरानी टी-शर्ट की मदद से आप बोहो स्टाइल में मैट भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए कई पुरानी टी-शर्ट को पतली पट्टियों में काटकर उन्हें चोटी की तरह गूंथना होता है और फिर गोल या चौकोर आकार में सिल दिया जाता है। इसे आप दरवाजे के पास, पेड़ के किनारे या बालकनी में छोटा मैट के रूप में बिछा सकते हैं। अलग-अलग रंगों का इस्तेमाल कर इसे बोहो लुक दिया जा सकता है।
3- लैंप को दें नया लुक
अगर आपके घर में कोई साधारण टेबल लैंप या लटकने वाला लैंप है, तो उसे पुरानी टी-शर्ट की मदद से कवर बनाकर उसे आकर्षक लुक दे सकते हैं। इसके लिए लैंप शेड की ऊंचाई और चौड़ाई नाप लें। इसके सुंदर प्रिंट वाले हिस्से को शेड के आकार से थोड़ा बड़ा काटें। कपड़े को शेड के चारों ओर लपेटकर किनारों पर फैब्रिक ग्लू से चिपका दें। अतिरिक्त कपड़ा अंदर की तरफ मोड़कर अच्छी तरह फिक्स कर दें। जब यह सूख जाए तो शेड को लैंप पर लगा सकते हैं।
4- बनाएं स्टाइलिश फोटो फ्रेम
पुरानी टी-शर्ट की मदद से आप स्टाइलिश फोटो फ्रेम भी बना सकते हैं। इसके लिए टी-शर्ट से पसंदीदा प्रिंट वाला हिस्सा सावधानी से काट लें। अपनी पसंद के आकार का फोटो फ्रेम लें और उसके पीछे वाले बोर्ड पर कपड़े को अच्छी तरह तानकर लगाएं। पीछे की तरफ कपड़े को मोड़कर गोंद या टेप से अच्छी तरह चिपका दें। अब इसे फ्रेम में लगाकर दीवार पर सजा दें।
5- टेबल रनर
अगर टी-शर्ट का फैब्रिक अच्छी स्थिति में है और उसका प्रिंट सुंदर है, तो इससे आप टेबल रनर भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए टी-शर्ट के सामने और पीछे के हिस्से को अलग करके लंबे आयताकार टुकड़े काट लें। अलग-अलग रंगों की टी-शर्ट के टुकड़ों को बराबर आकार में काटकर आपस में सिल दें। चारों किनारों पर सिलाई कर दें, ताकि कपड़ा उधड़े नहीं। चाहें तो किनारों पर लेस, रंगीन बॉर्डर या छोटे टैसल लगाकर सजा भी सकते हैं। तैयार रनर को डाइनिंग टेबल के बीच बिछाकर उसके ऊपर फूलदान, शोपीस या मोमबत्ती रख सकते हैं।
यह भी पढ़ें
पुरानी चेक शर्ट को फेंके नहीं, सजावट में इन 3 तरीकों से करें इस्तेमाल
