अक्सर लोग अपने कमरे को आकर्षक बनाने और पुरानी यादों को समेटकर रखने के लिए फोटो फ्रेम में तस्वीरें लगाते हैं। इनमें शादी, ट्रैवल से लेकर जिंदगी के अन्य कई खूबसूरत पलों की तस्वीरें शामिल होती हैं। कमरे में अगर फोटो फ्रेम को सही तरीके से लगाया जाए तो यह उसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देता है। लेकिन समय के साथ जब फोटो फ्रेम चलन से बाहर हो जाते हैं या पुराने हो जाते हैं, तो अक्सर लोग उन्हें बदल देते हैं। लेकिन थोड़ी सी क्रिएटिविटी की मदद से आप पुराने फोटो फ्रेम को आकर्षक और बिल्कुल नया लुक दे सकते हैं।

दरअसल, घर में कई ऐसी चीजें मौजूद होती हैं, जिनका इस्तेमाल बहुत कम या न के बराबर होता है। आप इन्हीं पुरानी और बेकार पड़ी चीजों की मदद से फोटो फ्रेम को सजाकर एक क्लासी लुक दे सकते हैं। आइए जानते हैं किन-किन चीजों की मदद से पुराने फोटो फ्रेम में फिर से नया और क्लासी लुक दिया जा सकता है।

1- चूड़ियों से बनाएं यूनिक फ्रेम

महिलाओं के पास चूड़ियों का एक बड़ा कलेक्शन होता है, जिसमें एक से बढ़कर एक डिजाइन वाली चूड़ियां शामिल हो जाती हैं। इनमें से कई चूड़ियां पुरानी या टूट-फूट जाती हैं तो उन्हें फेंक दिया जाता है। लेकिन आप इन्हीं चूड़ियों की मदद से अपने फोटो फ्रेम को एक यूनिक लुक दे सकते हैं। इसके लिए चूड़ियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में या पूरी चूड़ियों को फ्रेम के किनारों पर सजाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। साथ ही अलग-अलग रंगों की चूड़ियों को एक पैटर्न में सजाने से फ्रेम काफी आकर्षक लगता है। अगर मिरर वर्क या गोल्डन चूड़ियां हैं, तो इससे फ्रेम काफी खूबसूरत दिख सकता है।

2- कपड़ों का करें इस्तेमाल

पुरानी साड़ी, दुपट्टे या प्रिंटेड कपड़ों की मदद से भी फोटो फ्रेम को एक अलग और शानदार लुक दिया जा सकता है। इसके लिए कपड़े को फ्रेम के चारों ओर अच्छी तरह लपेटकर पीछे से चिपका दें। फ्रेम को सजाने के लिए आप फूलों या पारंपरिक डिजाइनों वाले कपड़े चुन सकते हैं। इससे फ्रेम खूबसूरत दिखता है।

3- जूट से दें रस्टिक लुक

पुरानी जूट की रस्सी या मोटे धागे की मदद से फोटो फ्रेम को रस्टिक लुक दिया जा सकता है। इसके लिए फ्रेम के चारों ओर जूट की रस्सी को लपेटकर चिपका दें। इसके साथ छोटे लकड़ी के मोती, सूखे फूल या छोटी-सी बेल लगाई जा सकती है, जिससे यह दिखने में यूनिक लगता है।

4- मोतियां और बीड्स का कमाल

टूटे हुए नेकलेस, बीड्स या पुरानी माला की मदद से भी फोटो फ्रेम को क्लासी लुक दिया जा सकता है। इसके लिए मोतियों को किनारों पर एक पैटर्न में लगाएं या सिर्फ एक कोने को सजाएं। इसके लिए गोल्डन, सिल्वर या पर्ल बीड्स फ्रेम पर लगाकर इसे सजा सकते हैं।

5- पुरानी सजावटी चीजों का करें इस्तेमाल

फोटो फ्रेम को आकर्षक लुक देने के लिए आप घर में बेकार पड़ी पुरानी सजावटी चीजें, जैसे- आर्टिफिशियल फूल, रिबन, मोती, बटन, लकड़ी के छोटे टुकड़े और अन्य सजावटी सामान का इस्तेमाल कर सकते हैं। हालांकि, इसके लिए 2-3 चीजें चुनें। फ्रेम के चारों कोनों में छोटे आर्टिफिशियल फूल लगाएं और उनके आसपास पतली रिबन या जूट की रस्सी चिपका दें। अब फूलों के बीच छोटे मोती या बीड्स लगाकर खाली जगहों पर चिपका दें। ऐसे में इन छोटी-छोटी चीजों की मदद से आप अपने पुराने फोटो फ्रेम को एक आकर्षक और क्लासी लुक दे सकते हैं।

यह भी पढ़ें
पुराने गहनों को फेंके नहीं, इस तरह सजावट में करें फिर से इस्तेमाल