किसी भी घर की खूबसूरती को निखारने में अहम भूमिका घर का एंट्रेंस गेट निभाता है। यह वह हिस्सा होता है, जिस पर गेस्ट या किसी भी व्यक्ति के आने पर उसकी पहली नजर पड़ती है। ऐसे में अगर इसे खूबसूरती से सजाया जाए, तो घर का पूरा लुक और भी आकर्षक नजर आता है। अक्सर लोग मुख्य द्वार के आसपास की जगह को खाली छोड़ देते हैं, लेकिन थोड़ी-सी क्रिएटिविटी से इसे बेहद खूबसूरत बनाया जा सकता है। अगर आप अपने घर के एंट्रेंस को प्राकृतिक और हरा-भरा लुक देना चाहते हैं तो वहां पर कुछ गमले लगा सकते हैं।
हालांकि, बाजार में मिलने वाले बड़े और स्टाइलिश गमले काफी महंगे मिलते हैं। ऐसे में आप पैसे खर्च करने के बजाए घर में पड़े पुराने टब की मदद से खुद खूबसूरत सीमेंट का गमला तैयार कर सकते हैं। यह देखने में आकर्षक होने के साथ ही मजबूत और टिकाऊ भी होता है। आइए जानते हैं घर पर किस तरह पुराने टब से एक मजबूत सीमेंट का गमला तैयार करें।
जरूरत के सामान
पुराना प्लास्टिक का टब
सीमेंट
बारीक रेत
पानी
एक छोटा टब या बाल्टी, अंदर से सांचा बनाने के लिए
तेल
प्लास्टिक शीट
रबर के दस्ताने
बाल्टी और मिक्सिंग स्टिक
सैंडपेपर
पेंट और ब्रश
स्टेप 1
सबसे पहले पुराने टब को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। इसके बाद उसके अंदर तेल की बहुत हल्की परत लगा दें। इससे सीमेंट सूखने के बाद आसानी से बाहर निकल जाए। अब एक बाल्टी में सीमेंट और बारीक रेत को मिलाकर धीरे-धीरे पानी डालते हुए मिश्रण तैयार कर लें। मिश्रण न ज्यादा पतला और न बहुत सूखा होना चाहिए।
स्टेप 2
टब के अंदर सीमेंट का मिश्रण डालकर उसकी नीचे की सतह और चारों तरफ की दीवारों पर करीब 1.5 से 2 सेमी मोटी परत फैलाएं। हाथ से काम करते समय दस्ताने जरूर पहनें। सतह पर सीमेंट की मोटाई लगभग समान रहे। खासकर नीचे का हिस्सा मजबूत रखें।
स्टेप 3
अब एक छोटा टब या बाल्टी लें, जो बड़े टब के अंदर आसानी से फिट हो जाए। उसके बाहरी हिस्से पर भी हल्का तेल लगा दें। इसे बड़े टब के बीच में रखें और धीरे-धीरे दबाएं। इससे बड़े टब और छोटी बाल्टी के बीच सीमेंट की एक समान मोटाई की जगह बननी चाहिए। छोटी बाल्टी को बहुत ज्यादा नीचे न दबाएं, ताकि गमले का बेस पर्याप्त मोटा रहे।
स्टेप 4
गमले को थोड़ा आकर्षक बनाने के लिए सीमेंट की बाहरी सतह पर रस्सी, पत्तियों या किसी टेक्सचर वाली चीज से डिजाइन बना सकते हैं। सीमेंट को थोड़ा खुरदुरा छोड़कर बाद में मैट पेंट कर सकते हैं, इससे गमला काफी आकर्षक लगता है। गमले के नीचे 2-4 छोटे ड्रेनेज होल जरूर बनाएं, ताकि अतिरिक्त पानी बाहर निकल सके। सीमेंट पूरी तरह सूखने से पहले छेद बनाना आसान रहता है।
स्टेप 5
सांचा लगाने के बाद गमले को कम से कम 24-48 घंटे बिना हिलाए छोड़ दें। जब ये पूरी तरह सूख जाए तो छोटे टब को धीरे-धीरे निकालें। इस्तेमाल करने से पहले गमले को कुछ दिनों तक हल्के पानी से छिड़काव करते रहें, ताकि उसकी क्योरिंग बेहतर हो सके।
स्टेप 6
जब गमला पूरी तरह सेट हो जाए तो उसकी खुरदुरी सतह को सैंडपेपर से हल्का घिसकर साफ करें। अब गमले को अपनी पसंद के रंग से पेंट कर सकते हैं। इसके लिए ऑफ-व्हाइट, ग्रे, टेराकोटा, बेज या ब्लैक जैसे रंग का पेंट कर सकते हैं। पेंट सूखने के बाद वॉटरप्रूफ सीलर की एक-दो परत भी लगा सकते हैं। इससे गमले की फिनिश लंबे समय तक बेहतर बनी रहती है। ऐसे में आप घर पर ही एक पुराने टब की मदद से खूबसूरत गमला बना सकते हैं।
यह भी पढ़ें
इनडोर प्लांट्स से सजाएं अपना घर, टोकरी से बनाएं खूबसूरत गमले
