मार्केट में भले ही एक से बढ़कर एक ब्यूटी प्रोडक्ट आ जाएं लेकिन प्राकृतिक चीजों की जगह कोई भी नहीं ले सकता है। इन्हीं में से एक है गुलाब जल। दादी-नानी के समय से ही इसे स्किन केयर में इस्तेमाल किया जाता आ रहा है। इसकी खुशबू न केवल मन को लुभाती है बल्कि बालों से लेकर चेहरे के लिए यह फायदेमंद होता है। इसके गुण त्वचा को ताजगी और नमी देते हैं। ऐसे में आप घर में केमिकल-फ्री गुलाब जल तैयार कर सकते हैं। आइए जानें इसे बनाने का तरीका। साथ ही इस्तेमाल करने के 7 तरीके और फायदे।
गुलाब जल घर में बनाने की विधि | Rose water banane ki vidhi
इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
2 कप सूखे गुलाब की पंखुड़ियां
ढाई कप आसुत जल
स्टेनलेस स्टील पैन
बारीक छलनी या नट मिल्क बैग
कांच की बोतल या कंटेनर
इस तरह घर में बनाएं गुलाब जल
सबसे पहले सूखी हुईं गुलाब की पंखुड़ियों को पैन में डालें। फिर इतना आसुत जल डालें कि पंखुड़ियां ढक जाएं। अब आपको मध्यम-धीमी आंच पर पानी को उबाल आने तक गर्म करना है। फिर इसे ढक देना है। अब करीब 30 मिनट तक या पंखुड़ियों का रंग फीका पड़ने तक धीमी आंच पर पकाएं। इसके बाद गैस ऑफ कर दें। ढक्कन लगा दें और इसे ठंडा होने दें। इसके बाद मिश्रण को छलनी से छान लें। आपका गुलाब जल तैयार है। इसे बोतल या डिब्ब में स्टोर कर लें।
इस तरह करें इस्तेमाल
घर में बने गुलाबजल को आप फ्रिज में रखें। इसे करीब 15 दिनों तक स्टोर किया जा सकता है। आइए जानें घर में बने गुलाबजल को इस्तेमाल करने के तरीके।
टोनर की तरह लगाएं
इसे लगाने के लिए सबसे पहले एक मुलायम सूती क्लींजिंग पैड को ठंडे गुलाब जल से गीला करें। फिर इसे त्वचा पर लगाएं। इससे आपको रोमछिद्रों को कसने और त्वचा को कोमल बनाने में मदद मिलेगी।
फेस मास्क
गुलाब को आप फेस मास्क बनाने में इस्तेमाल कर सकते हैं। यह त्वचा को मुलायम बनाने और विषाक्त पदार्थों को निकालने में मदद करेगा। मुलतानी मिट्टी में गुलाब जल मिलाकर आप लगा सकते हैं।
नहाने के पानी में मिलाएं
दिनभर की भागदौड़ में शरीर थक जाता है। ऐसे में आप एक कप गुलाब जल नहाने के पानी मिलाकर नहाएं। इससे आपको तनावमुक्त महसूस होगा। त्वचा को नमी मिलेगी। नहाने के बाद आपके शरीर से गुलाबों की खुशबू आएगी।
हेयर कंडीशनिंग स्प्रे
गुलाब जल रूखे और क्षतिग्रस्त बालों को नमी प्रदान करता है। इतना ही नहीं उलझे बालों को नियंत्रित करता है। बालों की वृद्धि को बढ़ावा देता है । यह रूसी की समस्या को रोकने या कम करने में भी मदद कर सकता है। शैम्पू करने के बाद अंतिम कंडीशनिंग रिंस के रूप में गुलाब जल का उपयोग करें। आप इसे आवश्यकतानुसार अपने बालों पर स्प्रे भी कर सकते हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।
