Air Purifier Cleaning Tips: बाहर बढ़ते प्रदूषण से बचने के लिए आजकल बहुत से लोग घरों में एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह कमरे की हवा में मौजूद धूल, धुएं और दूसरे प्रदूषित कणों को कम करने में मदद करता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि जिस मशीन से आप घर की हवा साफ रखते हैं, उसे भी समय-समय पर साफ करना जरूरी है? लगातार इस्तेमाल से इसके फिल्टर और बाहरी हिस्सों पर धूल-मिट्टी जमने लगती है। ऐसे में अगर इसकी ठीक से सफाई न की जाए तो मशीन ठीक से काम नहीं करती है। आइए जानते हैं घर पर एयर प्यूरीफायर को साफ करने का सही तरीका और किन गलतियों से बचना चाहिए।
एयर प्यूरीफायर साफ करने से पहले करें ये काम
जब भी घर में एयर प्यूरीफायर को साफ करें तो सबसे पहले एयर प्यूरीफायर को बंद करके उसका प्लग निकाल दें। मशीन जब चल रही हो तो गलती से भूलकर भी उसकी सफाई बिल्कुल न करें। इसके बाद यूजर मैनुअल में दिए गए निर्देश पढ़ लें, क्योंकि हर कंपनी और मॉडल के फिल्टर की सफाई का तरीका अलग हो सकता है।
एयर प्यूरीफायर की बाहरी बॉडी ऐसे करें साफ
जब आपको एयर प्यूरीफायर को साफ करना हो तो सबसे पहले मशीन की बाहरी सतह पर जमी धूल को मुलायम और सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से पोंछें। इसके बाद कोनों और किनारों पर जमी धूल को साफ करें। इसके लिए आप मुलायम ब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं।
सफाई के दौरान ये गलतियां न करें
एयर प्यूरीफायर साफ करते समय मशीन पर सीधे पानी या क्लीनर का छिड़काव न करें। गीले कपड़े का इस्तेमाल करना हो तो उसे अच्छी तरह निचोड़ लें और ध्यान रखें कि नमी मशीन के अंदर न जाए।
प्री-फिल्टर की सफाई पर दें ध्यान
प्री-फिल्टर में बाल, धूल और बड़े कण जमा हो सकते हैं। कई एयर प्यूरीफायर में इसे निकालकर साफ किया जा सकता है। मशीन के निर्देशों के अनुसार प्री-फिल्टर बाहर निकालें। अगर निर्माता ने अनुमति दी है तो इसे पानी से धो सकते हैं। कुछ मॉडल में वैक्यूम क्लीनर या मुलायम ब्रश से सफाई करने की सलाह दी जाती है।
इन बातों का रखें ध्यान
मशीन को दोबारा लगाने से पहले इसे पूरी तरह सूखने दें। HEPA फिल्टर हवा में मौजूद बहुत छोटे कणों को पकड़ने का काम करता है। इसे साफ करने के नाम पर पानी से धोना या जोर से झाड़ना नुकसान पहुंचा सकता है।
सबसे पहले मशीन के मैनुअल में देखें कि फिल्टर धोने योग्य है या नहीं। अगर फिल्टर वॉशेबल नहीं है तो उस पर पानी बिल्कुल न डालें।
निर्माता की अनुमति के बिना ब्रश या वैक्यूम क्लीनर से भी सफाई न करें। फिल्टर बहुत गंदा या खराब हो गया है तो उसे बदलने की जरूरत हो सकती है।
एयर इनलेट और आउटलेट की सफाई करें
मशीन के जिन हिस्सों से हवा अंदर जाती है और बाहर निकलती है, वहां भी धूल जमा हो सकती है। इन हिस्सों को सूखे मुलायम कपड़े से साफ करें। जाली में फंसी धूल को मुलायम ब्रश से हटाएं। किसी नुकीली चीज से जाली के अंदर सफाई करने की कोशिश न करें।
