गर्मियों में पसीने की बदबू से हो जाते हैं बेहाल, तो इस्तेमाल करें ये घरेलू उपाय
पसीने की बदबू से छुटकारा पाने के लिए लोग महंगे-महंगे डियोड्रेंट और परफ्यूम का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, शरीर पर यह खुशबू ज्यादा समय तक नहीं टिकती और जल्द ही गायब हो जाती है।

गर्मियों के मौसम में कुछ लोगों को अधिक पसीना आता है। पसीना हमारे शरीर के तापमान को नियंत्रित कर शरीर से विषाक्त पदार्थों को निकालने में मदद करता है। हालांकि, पसीने की बदबू से अक्सर लोग परेशान हो जाते हैं, यह बदबू केवल खुद को ही नहीं बल्कि आसपास के लोगों को भी परेशान करती है। शरीर से आने वाले पसीने की इस बदबू से अक्सर लोग दोस्तों के बीच शर्मिंदगी महसूस करते हैं।
पसीने की बदबू से छुटकारा पाने के लिए लोग महंगे-महंगे डियोड्रेंट और परफ्यूम का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, शरीर पर यह खुशबू ज्यादा समय तक नहीं टिकती और जल्द ही गायब हो जाती है। ऐसे में आप पसीने की इस असहनीय बदबू से छुटकारा पाने के लिए घरेलू उपायों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
बेकिंग सोडा: यूं तो खाने में बेकिंग सोडे का इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन यह पसीने की बदबू से निजात दिलाने में भी कारगर है। इसके लिए बेकिंग सोडा, पानी और नींबू के रस को मिला लें। फिर इस पेस्ट को अपने अंडरआर्म्स में लगाएं। करीब 10 मिनट तक लगाए रखने के बाद ताजे पानी से धो लें। ऐसा नियमित तौर पर करने से आपके पसीने से बदबू आनी खत्म हो जाएगी।
नारियल का तेल: पसीने में बैक्टीरिया मौजूद होते हैं, जिसके कारण शरीर से बदबू आती है। नारियल का तेल पसीने से पैदा होने वाले बैक्टीरिया को खत्म कर देता है। ऐसे में रात को सोने से पहले अपने अंडरआर्म्स में नारियल का तेल लगकार मसाज करें। इस प्रक्रिया को नियमित तौर पर करने से शरीर से आने वाली दुर्गंध से छुटकारा पाया जा सकता है।
टमाटर का रस: टमाटर का रस त्वचा की रंगत निखारने में मदद करता है। यह एसिडिक नेचर का होता है, इसलिए पसीने से पैदा होने वाले बैक्टीरिया को भी मारता है। ऐसे में टमाटर के रस का इस्तेमाल करके शरीर की बदबू से निजात पाई जा सकती है। इसके लिए एक बाल्टी गुनगुने पानी में करीब 2 कप टमाटर का रस डाल लें। फिर इस पानी से अपने शरीर के उन हिस्सों को धोएं जहां ज्यादा पसीना आता है। यह तरीका हफ्ते में 3 से 4 बार अपनाएं। ऐसा करने से शरीर से बदबू दूर हो सकती है।