बॉलीवुड और टेलीविजन की जानी-मानी अभिनेत्री गौरी प्रधान अपनी खूबसूरती को लेकर अक्सर चर्चा में रहती हैं। फैंस के बीच अक्सर यह जानने की ख्वाहिश रहती है 48 की उम्र में भी वह अपनी दमकती त्वचा का ख्याल कैसे रखती हैं और इसका क्या राज है। हाल ही में अभिनेत्री ने फैंस और फॉलोअर्स के सवालों का जवाब देते हुए अपनी ग्लोइंग स्किन को लेकर तीन टिप्स दिए।
गौरी प्रधान ने अपने यूट्यूब चैनल ‘गौरी एंड कंपनी’ पर कहा कि, “मैं बस अच्छा खाना खाती हूं, नियमित रूप से एक्सरसाइज करती हूं और फेस योग करती हूं। ये मेरी तीन टिप्स हैं।” इस दौरान उन्होंने ये भी बताया कि उन्हें चीनी छोड़े हुए तीन साल हो चुके हैं।
स्वस्थ त्वचा अक्सर इस बात का संकेत होती है कि आप अंदर से कितना स्वस्थ महसूस करते हैं। इसपर इंडियन एक्सप्रेस की टीम ने KIMS अस्पताल, ठाणे की कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. श्वेता नखावा से बात की। उन्होंने बताया कि संतुलित आहार शरीर को ऐसे जरूरी पोषक तत्व देता है, जो कोलेजन बनाने और त्वचा को नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। नियमित एक्सरसाइज से शरीर में ब्लड फ्लो बेहतर होता है, जिससे त्वचा तक ऑक्सीजन और पोषक तत्व पहुंचते हैं। समय के साथ ये दोनों आदतें त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाए रखने में मदद कर सकती हैं।
कैसे मदद करती है डाइट
डॉ. नखावा के मुताबिक, हम जो खाते हैं उसका असर हमारी त्वचा की खूबसूरती और सेहत पर भी पड़ता है। फल, सब्जियां, नट्स, बीज और अच्छे प्रोटीन से भरपूर आहार शरीर को विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट देता है। ये पोषक तत्व त्वचा की सुरक्षा परत को मजबूत रखने और त्वचा को जल्दी ठीक होने में मदद करते हैं। वहीं, बहुत ज्यादा प्रोसेस्ड फूड, मीठे पेय और असंतुलित आहार कुछ लोगों में सूजन बढ़ा सकते हैं और त्वचा की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को तेज कर सकते हैं।
एक्सरसाइज कैसे मदद करती है
एक्सरसाइज भी त्वचा के लिए कई तरह से फायदेमंद हो सकती है। डॉ. नखावा बताती हैं कि शारीरिक गतिविधि से शरीर में ब्लड फ्लो बढ़ता है। इससे त्वचा की कोशिकाओं तक जरूरी पोषक तत्व पहुंचते हैं और उनके प्राकृतिक रूप से नए बनने की प्रक्रिया में मदद मिलती है। नियमित एक्सरसाइज तनाव कम करने में भी मदद कर सकती है। तनाव कम होने से अक्सर त्वचा से जुड़ी समस्याएं भी कम हो सकती हैं और त्वचा ज्यादा स्वस्थ नजर आ सकती है।
फेस योग क्या काम करता है
इन दिनों फेस योग काफी लोकप्रिय हो गया है। इसमें चेहरे की अलग-अलग एक्सरसाइज और रिलैक्सेशन पर ध्यान दिया जाता है। डॉ. नखावा बताती हैं कि अभी इस बात के ज्यादा वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं कि फेस योग त्वचा में बड़े बदलाव ला सकता है या बढ़ती उम्र के असर को पूरी तरह कम कर सकता है। हालांकि, यह चेहरे की मांसपेशियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने, तनाव कम करने और रिलैक्स करने में मदद कर सकता है। इसके आगे वह बताती हैं कि फेस योग से चेहरे पर आने वाली चमक आमतौर पर सिर्फ एक्सरसाइज का नतीजा नहीं होती, बल्कि यह एक स्वस्थ लाइफस्टाइल का हिस्सा होने की वजह से नजर आती है।
जवां और ग्लोइंग स्किन का सीक्रेट क्या है
डॉ. नखावा ने स्पष्ट किया कि ग्लोइंग और जवां त्वचा के लिए कोई जादुई उपाय या एक ऐसा प्रोडक्ट नहीं है, जो इसकी गारंटी दे सके। स्वस्थ त्वचा के लिए कुछ अच्छी आदतों को लगातार अपनाना जरूरी है। इनमें संतुलित आहार लेना, नियमित रूप से एक्टिव रहना, पर्याप्त नींद लेना, तनाव को कम करना, पर्याप्त पानी पीना और अपनी त्वचा के प्रकार के अनुसार एक आसान स्किनकेयर रूटीन अपनाना शामिल है। जब ये आदतें रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन जाती हैं, तो इसका असर त्वचा पर भी नजर आने लगता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों से मिली जानकारी पर आधारित है। किसी भी तरह की डाइट, एक्सरसाइज या स्किनकेयर रूटीन शुरू करने से पहले अपने स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
यह भी पढ़ें: प्राकृतिक रूप से रखें चेहरे का ध्यान, इस तरह बनाएं संतरे के छिलके और दही से स्क्रब
