Milk-storage-tips: गर्मियों में अक्सर दूध जल्दी खराब हो जाता है। शुरुआत में इसमें से खट्टी सी महक आने लगती है। फिर ये धीरे-धीरे गाढ़ा होने लगता है। इतना ही नहीं इसका रंग भी सफेद से हल्का पीला या मटमैला सा हो जाता है। ऐसे में दूध को गर्म करने से लेकर स्टोर करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। ताकि दूध को फटने से बचाया जा सके। साथ ही मिलावटी दूध को पहचान करने और दूध में खट्टापन आने पर क्या करना चाहिए ये भी आपको पता होना चाहिए। आइए जानते हैं गर्मी में आखिर क्यों दूध जल्दी खराब हो जाता है और कैसे इसे फटने से बचाया जा सकता है।

गर्म मौसम में क्यों जल्दी खराब हो जाता है दूध?

कच्चे दूध में प्राकृतिक रूप से LAB बैक्टीरिया होता है। यह प्रोबायोटिक और हानिरहित होता है। जब दूध को कच्चा देर तक छोड़ दिया जाता है, तो LAB बैक्टीरिया धीरे-धीरे और प्राकृतिक रूप से दूध को किण्वित कर देते हैं। एलएबी बैक्टीरिया लैक्टोज यानी दूध में मौजूद शर्करा पर पनपते हैं। कच्चे दूध के प्राकृतिक किण्वन से उसका pH मान कम हो जाता है ।

इससे दूध खट्टा होने लगता है। जब दूध निकाला जाता है तब आमतौर पर उसका pH मान लगभग 6.6 होता है। यह 7 के उदासीन pH मान की तुलना में थोड़ा अधिक अम्लीय होता है। यदि दूध का pH मान 5.0 तक गिर जाता है, तो दूध जमने लग जाता है। गर्मियों में यह प्रक्रिया और भी तेजी से होती है, क्योंकि बैक्टीरिया को गर्म तापमान में बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां मिलती हैं। यही वजह है कि बिना फ्रिज में रखे दूध कुछ ही घंटों में खराब हो सकता है।

Award Banner

मिलावटी दूध की ऐसे करें पहचान

गर्मी में दूध की आपूर्ति प्रभावित होती है। ऐसे में मिलावट का खेल शुरू हो जाता है। प्राकृतिक दूध में रसायनों और साबुन जैसी चीजों को मिलाकर सिंथेटिक दूध यानी नकली दूध बनाया जाता है। इसे हाथ में लेकर रगड़ने पर यह साबुन जैसा लगता है। साथ ही गर्म करने पर इसका रंग पीला हो सकता है। जांच करने के लिए आप 5 मिली दूध में दो बड़े चम्मच नमक (आयोडीन) मिलाकर चेक कर सकती हैं। दूध अशुद्ध होने पर मिश्रण नीला हो जाएगा।

दूध को इस तरह रखें फ्रिज में

दूध को उबालने से दूध में मौजूद बैक्टीरिया नष्ट हो जाते हैं। दूध को हमेशा गर्म करके ठंडा होने के बाद ही फ्रिज में रखें। दूध को फ्रिज में ज्यादा दिन रखने पर भी इसमें बैक्टीरिया पनप सकते हैं। दूध को फ्रिज में रखते समय कोशिश करें कि इसे कांच या स्टील के बर्तन में रखें। साथ ही इसे ढककर ही स्टोर करें। फ्रिज को 4°C से नीचे रखें। फ्रिज के दरवाज़े में दूध रखने से हर बार फ्रिज खोलने पर उसका तापमान ज़्यादा घटता-बढ़ता है। इसलिए उसे पीछे की तरफ ही रखें।

पैकेट का दूध इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

दूध का पैकेट खोलने के बाद उसे 2 से 3 दिन ही इस्तेमाल करें। जब भी उसे खरीदें तब उसकी एक्सपायरी डेट जरूर चैक करें। हमेशा जरूरत के अनुसार ही इसे खरीदें। ज्यादा दूध लेकर उसे स्टोर करने से बचें। दूध को 1-2 घंटे से ज्यादा बाहर न रखें। पैकेट वाला दूध पहले से ही पाश्चुरीकृत (pasteurized) होता है। इसलिए इस बात का ध्यान रखें कि इसे बहुत ज्यादा देर तक उबालना ठीक नहीं होता है। इससे भी दूध का स्वाद बदल सकता है।

बेकिंग सोडा का करें यूज

अगर आप दूध को फटने से बचाने चाहते हैं तो इसमें चुटकी भर बेकिंग सोडा मिल दें। फिर उसे उबालें। एक बात का ध्यान रखें कि ये ज्यादा मात्रा में उपयोग न करें इससे दूध का टेस्ट खराब हो सकता है।

दूध में खट्टापन आ जाए तो क्या करें

छाछ या पनीर बनाएं: दूध में खट्टापन आने पर आप उससे छाछ बना सकते हैं। इसके अलावा पनीर भी तैयार कर सकते हैं।

मिठाई बनाएं: दूध में महक आने या थक्के जमने पर आप इससे रसगुल्ले, छैना या कुछ अन्य मिठाइयां बनाने में इस्तेमाल कर सकते हैं।

आटे में मिलाकर यूज करें: फटे हुए दूध से अगर आप आटा गूंथते हैं तो आटा बहुत सॉफ्ट रहता है और प्रोटीन से भरपूर होता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। यह जानकारी पेशेवर चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।