गाजर-मटर-आलू की सब्जी उत्तर भारत के कई हिस्सों में लोकप्रिय है। खासकर सर्दी के मौसम में लोग इसे ज्यादा पसंद करते हैं। यह उन व्यंजनों में से एक है, जो बनाने में आसान है और पौष्टिकता से भी भरपूर है। यानी यह स्वाद और सेहत के लिहाज से बेहतरीन है। देसी घी और मसालों का मिश्रण इसके जायके को लाजवाब बना देता है।

गाजर-मटर-आलू की सब्जी बनाने की सामग्री

गाजर- 150 ग्राम
आलू : 150 ग्राम
मटर: 200 ग्राम
अदरक का छोटा टुकड़ा
हरी मिर्च: दो-तीन
हरा धनिया: दो-तीन चम्मच
प्याज: एक
मेथी दाना: एक चम्मच
हींग: एक चुटकी
कसूरी मेथी: एक चम्मच
नमक

गाजर-मटर-आलू की सब्जी बनाने की विधि

  • गाजर, मटर और आलू को पानी से धोकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काटें। प्याज, अदरक और हरी मिर्च को भी बारीक काट लें। फिर एक कड़ाही में तेल गरम करके उसमें साबूत धनिया, मेथी दाना और जीरा भून लें।
  • इसके बाद कटा हुआ प्याज, अदरक और हरी मिर्च इसमें डाल दें। जब प्याज का रंग हल्का लाल हो जाए, तो कटे हुए आलू, गाजर और मटर इसमें डालें। साथ ही हींग, नमक, हल्दी और थोड़ा सा पानी भी मिला दें। फिर कड़ाही पर ढक्कन रखकर इसे धीमी से मध्यम आंच पर आठ-दस मिनट तक पकाएं।
  • ध्यान रहे कि बीच-बीच में इसे चम्मच से चलाते रहें, ताकि सब्जी कड़ाही से न चिपके। इसके बाद सब्जी में दो चम्मच देसी घी, कसूरी मेथी और चाट मसाला मिलाएं। अब इसे बिना ढक्कन के पांच-सात मिनट तक पकाएं, ताकि सब्जी पूरी तरह पक जाए और अगर इसमें पानी रह गया हो, तो वह सूख जाए।
  • अंत में बारीक कटा हुआ हरा धनिया इसमें मिला दें और आंच बंद करके इसे ढक्कन लगाकर थोड़ी देर के लिए छोड़ दें। इसे चपाती, पराठा या ब्रेड के साथ परोसा जा सकता है।