पैक्ड एनर्जी ड्रिंक का चलन तेजी से बढ़ रहा है। जिम, खेल के मैदान, साइक्लिंग और लंबी यात्रा के दौरान लोग इन्हें तुरंत ऊर्जा पाने के लिए पीते हैं। लेकिन अब इन ड्रिंक्स के दावों पर सवाल उठने लगे हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने छह लोकप्रिय एनर्जी ड्रिंक ब्रांड्स को नोटिस जारी किया है। आरोप है कि ये कंपनियां अपने उत्पादों को ‘एनर्जी ड्रिंक’ बताकर ऐसे दावे कर रही हैं जो खाद्य उत्पादों के लिए अनुमति नहीं हैं।

किन 6 ब्रांड्स को मिला नोटिस?

FSSAI के अनुसार जिन ब्रांड्स को नोटिस जारी किया गया है, उनमें रेड बुल एनर्जी ड्रिंक, पेप्सीको का एड्रेनालिन रश एनर्जी ड्रिंक, रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का कैंपा एनर्जी ड्रिंक गोल्ड बूस्ट, स्टिंग एनर्जी ड्रिंक, हेल एनर्जी, और कोका-कोला बेक्ड मॉन्स्टर एनर्जी शामिल हैं।

FSSAI ने क्या कहा?

FSSAI के मुताबिक, इन प्रोडक्ट के प्रमोशन में ऐसे दावे किए गए हैं जो खाद्य सुरक्षा नियमों के अनुरूप नहीं हैं। इनमें ‘शरीर और दिमाग को ऊर्जा देना’, ‘फोकस बढ़ाना’, ‘एनर्जी लेवल बढ़ाना’, ‘कमजोरी दूर करना’ जैसे दावे शामिल हैं। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और संबंधित नियमों के तहत खाद्य उत्पादों के लिए इस तरह के चिकित्सीय या कार्यात्मक दावे करना अनुमत नहीं है। इसलिए इन कंपनियों को नोटिस जारी किया गया है।

क्या पैक्ड एनर्जी ड्रिंक पूरी तरह सुरक्षित हैं?

जिम, खेलकूद, रनिंग और साइक्लिंग जैसी गतिविधियों के दौरान कई लोग एनर्जी ड्रिंक्स का सेवन करते हैं। हालांकि, इनमें अक्सर कैफीन, चीनी और अन्य एडिटिव्स की मात्रा अधिक हो सकती है। ऐसे ड्रिंक्स का बार-बार या अधिक मात्रा में सेवन कुछ लोगों में बेचैनी, धड़कन तेज होना, नींद की समस्या और अधिक कैलोरी के सेवन जैसी समस्याएं बढ़ा सकता है। इसलिए इनका सेवन हमेशा सीमित मात्रा में और आवश्यकता के अनुसार ही करना चाहिए।

5 देसी एनर्जी ड्रिंक्स जो फिर से घरों में लौटने चाहिए

सत्तू का शरबत

Sattu Sharbat
यह ट्रेडिसनल ड्रिंक प्रोटीन, फाइबर और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट से भरपूर होता है। (Photo Source: Unsplash)

भुने हुए चने के सत्तू, पानी, नींबू, भुना जीरा और काला नमक से बनने वाला यह ट्रेडिशनल प्रोटीन ड्रिंक, फाइबर और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट का अच्छा स्रोत माना जाता है। यह लंबे समय तक ऊर्जा बनाए रखने में मदद कर सकता है।

जलजीरा

Jaljeera
जलजीरा गर्मियों में शरीर को तरोताजा रखने के साथ-साथ पाचन में भी मददगार माना जाता है। (Photo Source: Pexels)

जीरा, पुदीना, इमली, काला नमक और मसालों से तैयार होने वाला जलजीरा गर्मियों में शरीर को तरोताजा रखने के साथ-साथ पाचन में भी सहायक माना जाता है।

आम पन्ना

Aam Panna
गर्मी के मौसम में यह शरीर में पानी और ऊर्जा की कमी पूरी करने में मदद कर सकता है। (Photo Source: Pexels)

कच्चे आम, गुड़ या चीनी और मसालों से बनने वाला आम पन्ना विटामिन C और इलेक्ट्रोलाइट्स का अच्छा स्रोत माना जाता है। गर्मियों में यह शरीर में पानी और ऊर्जा की कमी को पूरा करने में सहायक हो सकता है।

नींबू शिकंजी

Nimbu Shinkanji
गर्म मौसम में यह एक बेहतरीन नेचुरल ड्रिंक है। (Photo Source: Pexels)

नींबू, पानी, चीनी या गुड़ और काला नमक से बनने वाली शिकंजी गर्मी में सबसे लोकप्रिय देसी ड्रिंक में से एक है। यह शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ-साथ इलेक्ट्रोलाइट्स और कार्बोहाइड्रेट भी उपलब्ध कराती है।

पानकम

Panakam
यह गर्म मौसम में शरीर को तरल पदार्थ और प्राकृतिक ऊर्जा प्रदान करने में सहायक माना जाता है। (Photo Source: Pexels)

दक्षिण भारत का ट्रेडिशनल ड्रिंक पानकम गुड़, पानी, सूखी अदरक (सोंठ), इलायची, काली मिर्च और नींबू के रस से बनाया जाता है। यह शरीर में तरल पदार्थ और इलेक्ट्रोलाइट्स की पूर्ति करने में मदद करता है।

Also Read
अगर टमाटर पसंद है, तो एक बार जरूर ट्राई करें ये 9 यूनिक इंटरनेशनल और देसी डिशेज