Bathroom Cleaning Tips: दिवाली आने से पहले ही घर की साफ-सफाई में हर कोई लग जाता है। किचन, बेडरूम, लिविंग रूम, बालकनी, स्टोर रूम और हर एक कोने को अच्छी तरह साफ किया जाता है। हालांकि इस बीच बाथरूम की सफाई को कई लोग नजरअंदाज कर देते हैं। बाथरूम की सफाई का मतलब सिर्फ फर्श और टॉयलेट सीट साफ करना नहीं है। बल्कि दीवारों पर लगी टाइल्स, मिरर, मग, बाल्टी और नल पर जमे पानी के निशान जैसी कई छोटी-छोटी चीजों को भी साफ करना चाहिए। इससे बाथरूम लंबे समय तक साफ बना रहता है और त्योहार के समय घर में अलग ही चमक देखने को मिलती है।
बाथरूम की सफाई हाइजीन से भी जुड़ी होती है, जिसकी वजह से इसे साफ रखना और भी जरूरी हो जाता है। कई बार आम तरीके से चीजों को साफ करने पर भी जिद्दी निशान और गंदगी दूर नहीं होती है। ऐसे में आप कुछ आसान तरीकों की मदद ले सकते हैं। जिससे बाथरूम की सफाई को आसान और कम मेहनत वाली बनाया जा सकता है।
नल पर पानी के निशान साफ करने का तरीका
बाथरूम में मौजूद नल पर खारे पानी के निशान जम जाते हैं, जिसकी वजह से ये पुराने और गंदे दिखने लगते हैं। नल पर मौजूद पानी की बूंदे जब सूखती हैं, तो पानी हवा में उड़ जाता है लेकिन मिनरल्स सतह पर ही छूट जाते हैं। इसके अलावा नल पर साबुन या शैंपू के छींटे भी पानी के खनिज के साथ मिलकर जिद्दी परत बना लेते हैं। अगर इन्हें समय-समय पर साफ न किया जाए, तो ये निशान जम सकते हैं और नल पर जंग लग सकती है। इन्हें साफ करने के लिए सबसे आसान और घरेलू तरीका अपनाया जा सकता है। इसके लिए आपको टूथपेस्ट और एल्युमिनियम फॉयल की जरूरत होगी। सबसे पहले नल के ऊपर टूथपेस्ट लगा दें। अब एल्युमिनियम फॉयल से नल को अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद पानी से नल को धो लें और किसी सूखे कपड़े से इसे पोंछ लें। इस तरह नल की चमक दोबारा वापस लाई जा सकती है।
टाइल्स की गंदगी साफ करने का तरीका
बाथरूम में ज्यादातर लोग टाइल्स लगवाते हैं, जो दीवारों को सीलन से बचाने में मदद करती है। इसके अलावा टाइल्स की वजह से बाथरूम आकर्षक और सुंदर नजर आता है। लेकिन अगर इन्हें लंबे समय तक साफ न किया जाए, तो खारे पानी के निशान टाइल्स पर जम जाते हैं। इसकी वजह से टाइल्स गंदी और खराब नजर आने लगती हैं। अगर आप बाथरूम साफ कर रहे हैं, तो टाइल्स को जरूर साफ करें। इसके लिए आपको इन्हें ब्रश से रगड़ने की जरूरत नहीं है। बल्कि विनेगर यानी सिरका से आप इनकी चमक वापस ला सकते हैं।
इसके लिए एक बाउल में 3 चम्मच लिक्विड डिशवॉशिंग सोप और 1/3 चम्मच सिरका को अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इस मिश्रण को स्प्रे बोतल में डालें और टाइल्स पर स्प्रे करें। इसे लगभग 5 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। अब एक सूखे कपड़े से टाइल्स को साफ करें। इसके बाद टाइल्स को पानी से धो लें और सूखने दें। इस तरीके से आप बाथरूम की टाइल्स को साफ कर सकते हैं।
बाथरूम का मिरर साफ कैसे करें?
बाथरूम में कई लोग मिरर लगाना पसंद करते हैं, जिसका इस्तेमाल ग्रूमिंग जैसे मेकअप, शेविंग, स्किनकेयर और ब्रश करने के लिए किया जाता है। इससे बाथरूम दिखने में भी सुंदर लगता है। लेकिन नहाते समय पानी और साबुन के छींटे इसके ऊपर परत जमा लेते हैं। ऐसे में मिरर गंदा दिखने लगता है। इसे बार-बार साफ करने पर भी निशान रह सकते हैं। ऐसे में आप आलू की मदद से मिरर को चमका सकते हैं। इसके लिए आलू को आधा काट लें और पूरे मिरर के ऊपर घिस दें। इससे पानी मिरर के ऊपर जम नहीं पाएगा।
मग और बाल्टी साफ करने का तरीका
बाथरूम में इस्तेमाल होने वाला मग और बाल्टी अक्सर गंदे और चिपचिपे हो जाते हैं। लगातार पानी और साबुन के संपर्क में आने की वजह से इनके ऊपर गंदगी की परत जम जाती है। ऐसे में इन्हें सिर्फ साबुन और पानी से साफ करना काफी नहीं है। इन्हें साफ करने के लिए एक बाउल में सफेद सिरका, बेकिंग सोडा और नींबू के रस को अच्छी तरह मिक्स कर लें। इस घोल को गरम पानी में डालकर मिला लें। इसे बाल्टी और मग में कुछ देर के लिए छोड़ दें। अब स्क्रब या ब्रश की मदद से बाल्टी और मग को साफ करें। इससे खारे पानी के जिद्दी दाग छूट सकते हैं।
