भारत में कई जगहों के व्यंजन उन्हें बनाने की अनूठी कला के प्रसिद्ध हैं। कहीं कम तेल में भोजन पकाया जाता है, तो कहीं मिट्टी के अंदर बर्तन रखकर। ऐसी ही भारत में कई सारी खाना बनाने की परंपराएं हैं, जो सदियों से चली आ रही हैं। हाल ही में टेस्टएटलस ने एक वीडियो साझा किया है, जिसमें एक विक्रेता रेत में भूनकर आलू पकाते हुए नजर आ रहा है। आलू पकाने के इस तरीके के बारे में लोकप्रिय ऑनलाइन फूड गाइड का कहना है कि बिना छीले आलुओं को लाल-गर्म रेत से भरी बड़ी कड़ाही में डालकर खुली आग पर भूना जाता है। इसमें एक बूंद भी तेल का इस्तेमाल नहीं होता। गर्म रेत आलू को चारों तरफ से एक समान गर्मी देती है। इससे आलू का बाहरी छिलका हल्का कुरकुरा और भुना हुआ हो जाता है, जबकि अंदर का हिस्सा नरम और मक्खन जैसा मुलायम रहता है।

आलू पकने के बाद उन्हें गर्म रेत से छानकर निकाले जाते हैं। फिर बीच से काटकर उन पर चाट मसाला, ताजे नींबू का रस और तीखी धनिये की चटनी डाली जाती है। इस तरह साधारण से आलू से एक स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड तैयार हो जाता है। यह बिना तेल के खाना भूनने का एक पुराना तरीका है, जिसमें आलू का स्वाद और भी बढ़ जाता है।

क्या है रेत में खाना पकाने की यह प्राचीन कला

रेत में खाना भूनना खाना पकाने का एक प्राचीन तरीका है, जो भारत समेत दुनिया के कई हिस्सों में प्रचलित रहा है। इस विधि में गर्म रेत का इस्तेमाल खाना पकाने के लिए किया जाता है। इसमें भोजन को सीधे आग, तवे या कड़ाही पर रखने के बजाय गर्म रेत के बीच दबाकर पकाया जाता है। इस तरीके से मूंगफली और आलू जैसी चीजें भूनने के साथ-साथ आधुनिक व्यंजनों में भी प्रयोग किया जाता है। गर्म रेत भोजन को चारों तरफ से एक समान गर्मी देती है। इससे खाने में एक अलग तरह की सोंधी खुशबू और स्वाद आता है।

क्या रेत में खाना पकाना सुरक्षित है

विशेषज्ञों के अनुसार, रेत में खाना पकाना सुरक्षित हो सकता है, बशर्ते साफ-सफाई के नियमों का सही तरीके से पालन किया जाए और इसके लिए उपयुक्त रेत का इस्तेमाल हो। खाना पकाने के लिए किसी भी तरह की रेत का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। रेत साफ और दूषित पदार्थों से मुक्त होनी चाहिए। इसलिए इस पारंपरिक विधि में रेत का सही चुनाव करना बेहद जरूरी है।

रेत के प्रकार

द इंडियन एक्प्रेस की टीम ने टम्मी की संस्थापक अनुप्रिया से बात की तो उन्होंने बताया कि, बचपन में उन्होंने घरों और सड़क किनारे खाने-पीने की दुकानों पर इस तरीके से खाना बनते देखा था। उस समय अनाज, मेवे, मोटे अनाज और दालों जैसी चीजों को भूनने के लिए गर्म रेत का इस्तेमाल किया जाता था। वह कहती हैं, “हम अलसी के बीज, कद्दू के बीज, काजू और बादाम को रेत में भूनते हैं। इससे बिना तेल डाले उसमें प्राकृतिक कुरकुरापन और भुना हुआ खास स्वाद आता है।” हालांकि, शेफ अमोल बाबूल ने खाना पकाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली रेत के प्रकार पर खास जोर दिया है।

1- नदी की रेत

इस्तेमाल में आसान, लेकिन सबसे अच्छा विकल्प नहीं। नदी की रेत देखने में साफ हो सकती है, लेकिन जरूरी नहीं कि वह खाना पकाने के लिए सुरक्षित भी हो। रेत कहां से लाई गई है, इसके आधार पर उसमें मिट्टी, सूक्ष्मजीव, जैविक पदार्थ, जानवरों का मल, कीटनाशक, भारी धातुएं और अन्य हानिकारक प्रदूषक मौजूद हो सकते हैं। केवल नदी की रेत को पानी से धोने भर से उसे खाना पकाने के लिए पूरी तरह सुरक्षित नहीं बनाया जा सकता है। अगर खाना पकाने के लिए नदी की रेत का इस्तेमाल करना हो, तो उसकी अच्छी तरह सफाई, सुखाने और गर्म करने की प्रक्रिया जरूरी है। इसके बावजूद रेत कहां से लाई गई है और उसमें कौन-कौन से पदार्थ मौजूद हैं। यह जानना भी जरूरी है।

2- व्यावसायिक फूड-ग्रेड रेत या कुकिंग सैंड

पेशेवर तौर पर खाना पकाने या इस विधि को आजमाने के लिए बाजार में मिलने वाली खास कुकिंग सैंड या फूड-ग्रेड रेत बेहतर विकल्प है। इसे खाना पकाने के उद्देश्य से तैयार किया जाता है। इसे खरीदते समय इसके घटकों और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी जरूर देखनी चाहिए।

रेत में खाने को दूषित होने से कैसे बचाएं

इसके लिए सबसे जरूरी साफ-सफाई है। बाहर इस्तेमाल की जा चुकी रेत, निर्माण स्थलों की रेत या समुद्र तट से लाई गई रेत का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।

शेफ अमोल बाबूल के अनुसार, रेत में खाना पकाते समय इन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
1- सफाई और कीटाणु नियंत्रण: रेत को धोने से उसमें मौजूद गंदगी और कुछ अशुद्धियां दूर करने में मदद मिल सकती है। इसके बाद उसे अच्छी तरह सुखाना जरूरी है। गर्म करने की प्रक्रिया से सूक्ष्मजीवों से होने वाले संक्रमण का खतरा कम हो सकता है, लेकिन इससे सभी रासायनिक प्रदूषक दूर नहीं होते।

2- तापमान: खाना पकाने से पहले रेत को पर्याप्त तापमान पर गर्म करना चाहिए। इससे उसकी नमी कम करने और सूक्ष्मजीवों से होने वाले संक्रमण का खतरा घटाने में मदद मिल सकती है। हालांकि, केवल रेत को गर्म कर लेना ही पर्याप्त नहीं है। इसके लिए साफ और खाना पकाने के योग्य रेत का इस्तेमाल करना भी जरूरी है।

3- छलनी से छानें: रेत को बारीक छलनी से छानना जरूरी है, ताकि उसमें मौजूद छोटे पत्थर, सीप और अन्य चीजें अलग हो जाएं। यह भुने जाने वाले भोजन के लिए जरूरी है।

4- किसे भूनना चाहिए: गीली या नमी वाली चीजें रेत में भूनते समय उससे चिपक सकती हैं। इसलिए इस विधि में गीली चीजों को पकाने से बचना चाहिए। मेवे, बीज और कुछ साबुत सब्जियों जैसा सूखी चीजों को भूनना आसान होता है।

5- हवा का प्रवाह: रेत में चीजें भूनते समय धुआं, धूल और तेज गंध पैदा हो सकती है। इसलिए खाना पकाने की जगह पर हवा आने-जाने की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए। साथ ही, रेत से उठने वाली धूल को सांस के जरिए शरीर में जाने से बचाना चाहिए।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और बातचीत के दौरान विशेषज्ञों से मिली जानकारी पर आधारित है।

यह भी पढ़ें
क्या घर पर बना पनीर हमेशा सुरक्षित होता, डाइटिशियन ने बताई जरूरी सावधानियां