वैलेंटाइन डे को प्यार और रोमांस का खास त्योहार माना जाता है। इस दिन हर कोई अपनी खास मौजूदगी से सामने वाले को इंप्रेस करना चाहता है। कई लोग दोस्तों के साथ बाहर घूमने का प्लान बनाते हैं, तो कई कपल्स इस मौके को और यादगार बनाने के लिए कैंडललाइट डिनर पर जाते हैं। ऐसे खास पलों में अच्छा और कॉन्फिडेंट महसूस करना बेहद जरूरी होता है।

वैलेंटाइन डे पर खूबसूरत दिखने के लिए सही आउटफिट, मेकअप और हेयरस्टाइल का चुनाव काफी अहम होता है। दरअसल, आपके कपड़े, मेकअप और हेयरस्टाइल आपके लुक में निखार लाने के साथ-साथ आपकी पर्सनैलिटी में भी चार चांद लगाते हैं। इस खास दिन के लिए अभी से ही तैयारी करना बहुत जरूरी है। ऐसे में यहां बताए गए कुछ फैशन और ब्यूटी टिप्स को फॉलो कर सकती हैं।

आउटफिट का रखें खास ख्याल

वैलेंटाइन डे पर आउटफिट चुनते समय अपने कंफर्ट और मौके का ध्यान रखें। अगर आप डिनर डेट पर जा रही हैं, तो रेड, पिंक या वाइन कलर की ड्रेस चुन सकती हैं। यह एक क्लासिक चॉइस भी हो सकती है। वहीं, अगर आप कैजुअल डेट के लिए जा रही हैं, तो इस खास मौके पर स्टाइलिश टॉप के साथ जींस या स्कर्ट भी पहन सकती हैं।

मेकअप को रखें सॉफ्ट और नेचुरल

वैलेंटाइन डे के मौके पर आप हेवी मेकअप की जगह सॉफ्ट और नेचुरल लुक में तैयार हो सकती हैं। इसके लिए आप सबसे पहले चेहरे पर हल्का फाउंडेशन या बीबी क्रीम लगाएं। इससे चेहरा फ्रेश नजर आएगा। वहीं, आंखों के लिए सॉफ्ट आईशैडो, हल्का आईलाइनर और मस्कारा बेहतर ऑप्शन हो सकते हैं। अगर आप इस दिन बोल्ड लुक में तैयार होना चाहती हैं, तो रेड या बेरी शेड की लिपस्टिक ट्राई कर सकती हैं।

हेयरस्टाइल से बढ़ाएं खूबसूरती

वैलेंटाइन डे के लिए आप खास तरह के हेयरस्टाइल भी कैरी कर सकती हैं। अगर आप रोमांटिक लुक चाहती हैं, तो खुले वेवी हेयर रख सकती हैं। वहीं, अगर आप कुछ एलिगेंट चाहती हैं, तो सॉफ्ट कर्ल्स ट्राई कर सकती हैं। बालों को स्मूद और शाइनी रखने के लिए हल्का सीरम भी यूज कर सकती हैं।

एक्सेसरीज और फुटवियर का रखें ध्यान

एक्सेसरीज और फुटवियर भी आपके लुक को निखारते हैं। इस खास मौके पर ईयररिंग्स, नेकपीस और कंगन जैसी एक्सेसरीज कैरी कर सकती हैं। वहीं, फुटवियर में कंफर्टेबल हील्स, फ्लैट्स या स्टाइलिश सैंडल चुन सकती हैं।