झूला घर की सुंदरता को बढ़ाने के साथ ही आराम और मानसिक सुकून का भी बेहतरीन साधन है। दिनभर की भागदौड़ और कामकाज के बाद झूले पर बैठकर कुछ समय बिताना काफी सुकून देता है। कई लोग झूले पर बैठकर किताब पढ़ना, मोबाइल चलाना या लैपटॉप पर हल्का काम करना भी पसंद करते हैं। झूला एक आरामदायक और शांत माहौल प्रदान करता है।
बड़े घरों में ज्यादातर झूला आंगन या बरामदे में रखे जाते हैं। लेकिन सबसे बड़ी समस्या इन्हें रखने में छोटे घरों और फ्लैट्स में होती है। हालांकि कम जगह में भी आप झूला रख सकते हैं, लेकिन इसके लिए जरूरी है सही झूले का चुनाव करना। अगर झूला बहुत बड़ा होगा, तो कमरा भरा-भरा लग सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि छोटी जगह में झूले के लिए किस तरह जगह बनाई जा सकती है।
1- लिविंग रूम के कोने का करें इस्तेमाल
अगर आपके लिविंग रूम में कोई कोना खाली है, तो वहां पर एक सिंगल-सीटर झूला लगा सकते हैं। यह दिखने में आकर्षक होने के साथ ही घर के सदस्यों के लिए आरामदायक बैठने की जगह भी बन जाएगी। आप अपने कमरे के इंटीरियर के अनुसार झूले का डिजाइन तय कर सकते हैं।
2- बालकनी
घर में झूला लगाने के लिए सबसे बेहतरीन जगहों में एक बालकनी है। यहां बैठकर आप सुबह की चाय से लेकर शाम की ठंडी हवा तक का आनंद उठा सकते हैं। छोटी बालकनी के लिए हैंगिंग चेयर या एग-शेप झूला अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। यह कम जगह घेरता है और साथ ही दिखने में भी काफी आकर्षक लगता है।
3- छोटे घर के लिए झूले
अगर आपका घर छोटा है तो फोल्डेबल या पोर्टेबल झूले ले सकते हैं। इन्हें जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल किया जा सकता है और बाद में इन्हें आसानी से हटा या मोड़ा जा सकता है। इससे जगह की बचत के साथ ही घर भी व्यवस्थित दिखता है।
4- बेडरूम
अगर आपके बेडरूम के पास जगह खाली है तो यहां पर झूला रखकर सुकून का कोना बना सकते हैं। यहां पर आप मिनिमल और कॉम्पैक्ट डिजाइन वाले झूले लगा सकते हैं, जो दिखने में आकर्षक होते हैं लेकिन जगह कम घेरते हैं।
5- हैंगिंग झूला
छोटे घर में किसी कोने का चुनाव करके वहां पर आप हैंगिंग झूला लगा सकते हैं। हालांकि, छत से लटकने वाला झूला लगवाने से पहले (छत) सीलिंग की मजबूती की जांच जरूर कर लें। सीलिंग में झूले और उस पर बैठने वाले व्यक्ति का भार सहने की पर्याप्त क्षमता होना जरूरी है।
6- खिड़की को बनाएं सुकून का कोना
अगर आपकी खिड़की के पास झूला रखने के लिए जगह है तो यह सुकून के पल बिताने की जगह बन सकता है। खिड़की के बाहर से प्राकृतिक रोशनी भरपूर मिलती रहेगी। जहां बैठकर आप आराम से किताबें पढ़ सकते हैं या फिर चाय के साथ बाहर के नजारे का आनंद उठा सकते हैं।
7- इस तरह बनाएं खूबसूरत
झूले के आसपास की जगह को आप और भी ज्यादा खूबसूरत बना सकते हैं। सबसे पहले झूले को आकर्षक बनाने के लिए उस पर रंग-बिरंगे कुशन और मुलायम तकिए रख सकते हैं। वहीं, उसके आसपास छोटे इनडोर पौधे या सजावटी लाइट्स लगाकर उस जगह को और भी आकर्षक बना सकते हैं।
Also Read
छोटे बाथरूम को दें लग्जरी लुक, इन 5 बदलाव से दिख सकता है बड़ा और स्टाइलिश
