कॉटन का कपड़ा पहनने में काफी आरामदायक होते हैं, जिसके चलते ये रोजमर्रा की जिंदगी में सबसे ज्यादा इस्तेमाल किए जाते हैं। खासकर गर्मियों के मौसम में कॉटन का कपड़ा अधिक उपयोग किया जाता है। यह शरीर के तापमान को नियंत्रित रखने में मदद करता है। साथ ही हवा आसानी से आर-पार हो जाती है। यह कपड़ा नमी और पसीने को सोखता है। कई बार में इन पर चाय, कॉफी, तेल, सॉस या अन्य खाने-पीने की चीजों के दाग लग जाते हैं। इन दागों का साफ करने के लिए लोग कई बार तेज केमिकल क्लीनर का इस्तेमाल करते हैं या फिर रगड़कर साफ करते हैं, जिससे कपड़े का रंग फीका पड़ सकता है और फैब्रिक भी खराब हो सकता है। हालांकि, कुछ तरीके हैं जिनकी मदद से आप कपड़ों को बिना नुकसान पहुंचाए दागों को आसानी से साफ कर सकते हैं।

पहला तरीका

अगर संभव हो तो दाग लगने के तुरंत बाद ही कपड़े को साधारण पानी से धो दें। दरअसल, शुरुआत में दाग फैब्रिक में गहराई तक नहीं बैठते हैं। ऐसे में तुरंत सादे पानी से धोने पर दाग आसानी से हट सकते हैं। वहीं, गर्म पानी के इस्तेमाल से कुछ दाग ऐसे होते हैं, जो पक्के हो सकते हैं। ऐसे में कॉटन के कपड़े पर लगे दाग को साधारण पानी से साफ करना बेहतर माना जाता है।

दूसरा तरीका

कॉटन के कपड़े पर लगे दाग को साफ करने का दूसरा सबसे आसान तरीका है कि प्रभावित जगह पर थोड़ा सा लिक्विड डिटर्जेंट लगाकर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद हल्के हाथों से रगड़कर सामान्य तरीके से धो लें। इससे चाय, कॉफी और सॉस जैसे दाग आसानी से साफ हो सकते हैं।

तीसरा तरीका

कॉटन के कपड़ों पर लगे दाग को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा का भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए एक चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। अब इसे दाग वाली जगह पर 15-20 मिनट के लिए लगाकर छोड़ दें। इसके बाद मुलायम ब्रश या हल्के हाथों से रगड़कर कपड़े को साफ कर दें। इससे काफी हद तक दाग साफ हो सकता है।

चौथा तरीका

सफेद सिरके का इस्तेमाल दाग, बदबू और चिपचिपाहट दूर करने के लिए किया जाता है। ऐसे में इसके जरिए कॉटन के कपड़ों पर लगे दाग को भी आसानी से साफ किया जा सकता है। इसके लिए सफेद सिरका और पानी को बराबर मात्रा में मिलाकर दाग वाली जगह पर लगाकर 10-15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद साफ पानी से धो लें। इससे खाने-पीने के दाग आसानी से हट सकते हैं।

पांचवां तरीका

नींबू की मदद से भी कॉटन के कपड़े पर लगे खाने-पीने के दाग को आसानी से साफ किया जा सकता है। इसके लिए हल्के रंग के कॉटन के कपड़ों पर नींबू का रस लगाकर 10-15 मिनट के लिए धूप में रख दें। इससे दाग हल्के हो सकते हैं। हालांकि, गहरे रंग के कपड़ों पर इसका इस्तेमाल करने से बचना चाहिए, इससे रंग हल्का पड़ सकता है।

Also Read
टिफिन ढक्कन के रबर में भी जमा हो जाती है गंदगी, ऐसे करें गहराई से सफाई