Tips to Clean Sandwich Maker: नाश्ता या शाम को हल्का स्नैक्स बनाने के लिए कई लोग घर पर सैंडविच मेकर का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन बार-बार इस्तेमाल करने के बाद इसकी प्लेट पर तेल, मक्खन, चीज और ब्रेड के टुकड़े जलकर जमने लगते हैं। अगर समय पर इसकी सफाई न की जाए, तो यह चिकनाई सख्त हो जाती है। जिसके बाद इसकी सफाई करने में काफी मेहनत लगती है। कई लोग इसे साफ करने के लिए नुकीली चीजों या स्क्रबर से जोर-जोर से रगड़ते हैं। ऐसा करने से नॉन-स्टिक कोटिंग खराब हो सकती है। अगर आप भी सैंडविच मेकर पर जमी चिकनाई से परेशान हैं, तो इसे साफ करने के लिए यहां दी गई टिप्स की मदद ले सकते हैं।
विनेगर से करें साफ
सैंडविच मेकर पर चिकनाई जम गई है, तो सबसे पहले इसे 1-2 मिनट के लिए हल्का गर्म करें। ध्यान रखें कि यह बहुत ज्यादा गर्म न हो। अब स्विच बंद करके प्लग निकाल दें। अब सैंडविच मैकर की प्लेट पर टिशू पेपर को बिछाएं। इस पर थोड़ा-सा विनेगर स्प्रे करें। इसे करीब 5 मिनट के लिए ऐसी ही रहने दें। विनेगर जमी हुई चिकनाई को नरम करने में मदद करता है। इसके बाद उसी टिशू पेपर या मुलायम कपड़े से धीरे-धीरे प्लेट को पोंछ लें। इससे सैंडविच मेकर बिना ज्यादा रगड़े आसानी से साफ हो सकता है।
भाप की मदद से करें साफ
अगर प्लेट पर तेल और खाने के दाग ज्यादा जमे हुए हैं, तो भाप की मदद से इसे साफ किया जा सकता है। इसके लिए सैंडविच मेकर की प्लेट पर टिशू पेपर रखें और उस पर हल्का सा पानी स्प्रे करें। अब सैंडविच मेकर को 1-2 मिनट के लिए चालू रखें ताकि अंदर हल्की भाप बन सके। इसके बाद स्विच बंद करके प्लग निकाल दें। जब मशीन हल्की गर्म रह जाए, तब सावधानी से टिशू पेपर की मदद से प्लेट को साफ करें। भाप की वजह से जमी हुई चिकनाई और दाग नरम हो जाएंगे और जिससे उसे साफ करना आसान हो जाएगा।
सैंडविच मेकर को गंदा होने से कैसे बचाएं
अगर आप चाहते हैं कि सैंडविच मेकर पर चिकनाई कम जमे और उसे बार-बार रगड़कर साफ न करना पड़े, तो खाना बनाते समय बटर पेपर का इस्तेमाल कर सकते हैं। सैंडविच को सीधे प्लेट पर रखने की बजाय पहले बटर पेपर बिछाएं और फिर उसे ग्रिल करें। इससे तेल और चीज सीधे प्लेट पर नहीं चिपकेंगे। इसके अलावा हर इस्तेमाल के बाद मशीन के हल्का ठंडा होने पर उसे तुरंत पोंछ दें। इससे गंदगी जमा होने का मौका नहीं मिलेगा और सैंडविच मेकर लंबे समय तक साफ बना रह सकता है।
सफाई करते समय रखें इन बातों का ध्यान
सैंडविच मेकर साफ करते समय सबसे पहले प्लग निकाल दें। हर इस्तेमाल के बाद मशीन को ठंडा होने के बाद ही सफाई करें। प्लेट साफ करने के लिए स्क्रबर, चाकू या किसी नुकीली चीज का इस्तेमाल न करें। इससे नॉन-स्टिक कोटिंग खराब हो सकती है। सफाई के लिए हमेशा मुलायम कपड़े या स्पंज का इस्तेमाल करें। साथ ही सैंडविच मेकर को कभी सीधे पानी की मदद से न धोएं या न ही उसके ऊपर कभी पानी डालें।
