वजन कम करना हो या फिट रहना, ज्यादातर लोग सबसे पहले कार्डियो एक्सरसाइज शुरू करते हैं। लेकिन क्या हर कार्डियो एक्सरसाइज एक जैसा फायदा देती है? इसका जवाब है नहीं। अमेरिका के लॉस एंजिलिस की फिटनेस ट्रेनर हेलेना हैम्स्टर ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया कि फैट कम करने के लिए रनिंग, इंक्लाइन वॉकिंग और स्टेयरमास्टर तीनों अच्छे विकल्प हैं। लेकिन इनमें से कौन-सा कार्डियो आपके लिए सही रहेगा, यह आपके फिटनेस गोल पर निर्भर करता है।

इस बारे में जब इंडियन एक्सप्रेस की टीम ने मुंबई के जसलोक हॉस्पिटल के फिजियोथेरेपी विभाग के प्रमुख (HOD) डॉ. श्रेयस कथारानी से बात की तो उन्होंने भी इस बात पर सहमती जताते हुए कहा कि फैट कम करना सिर्फ ज्यादा कैलोरी बर्न करने का नाम नहीं है। जरूरी यह है कि आप ऐसी एक्सरसाइज चुनें जो आपकी लाइफस्टाइल में आसानी से फिट हो और सही तरह के फैट पर असर डाले।

30 मिनट में कौन कितनी कैलोरी बर्न करता है?

फिटनेस ट्रेनर के मुताबिक अगर आप 30 मिनट तक एक्सरसाइज करते हैं, तो लगभग—

रनिंग – 390 कैलोरी
इंक्लाइन वॉकिंग – 150 कैलोरी
StairMaster – 240 कैलोरी

बर्न होती है। लेकिन एक बात जान लें। सिर्फ कैलोरी बर्न होना ही सब कुछ नहीं है। यह भी मायने रखता है कि कौन-सी एक्सरसाइज शरीर के किस तरह के फैट पर ज्यादा असर डालती है। इसकी जानकारी आपको होगी तभी आप अपनी जरूरत और लक्ष्य के मुताबिक अपने लिए बेस्ट कार्डियो चुन पाएंगे। आइए जानें इसके बारे में।

रनिंग

अगर आपका मकसद कम समय में ज्यादा कैलोरी बर्न करना है, तो रनिंग अच्छा विकल्प हो सकती है। इसके करने से 30 मिनट में करीब 390 कैलोरी बर्न हो सकती है। इसमें कम समय में ज्यादा कैलोरी खर्च होती है। यह अच्छी स्टैमिना वाले लोगों के लिए बेहतर विकल्प है।

ध्यान रखने वाली बात

यह मुख्य रूप से शरीर की सतही चर्बी (Surface Fat) पर असर डालती है। पेट के अंदर मौजूद विसरल फैट (Visceral Fat) पर इसका असर उतना ज्यादा नहीं माना जाता। यही फैट दिल की बीमारी और डायबिटीज जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ा सकता है। रनिंग के बाद शरीर को रिकवरी की जरूरत होती है, इसलिए इसे रोज करना हर किसी के लिए आसान नहीं होता।

इंक्लाइन वॉकिंग

अगर आपका लक्ष्य पेट के अंदर जमा फैट को कम करना है, तो इंक्लाइन वॉकिंग बेहतर विकल्प साबित हो सकती है। इसे करने से 30 मिनट में करीब 150 कैलोरी बर्न होती है। वहीं यह यह विसरल फैट पर असर डालती है। इसे करने से शरीर पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता। सबसे अच्छी बात यह है कि इसे रोज किया जा सकता है। अब बात करें कि यह किन लोगों के लिए बेहतर है तो इसे बिगनर्स भी कर सकते हैं। जो सुरक्षित और लंबे समय तक चलने वाली फिटनेस रूटीन चाहते हैं वो भी इसे कर सकते हैं।

स्टेयरमास्टर

अब बात करते हैं स्टेयरमास्टर की। अगर आप कैलोरी बर्न और फैट लॉस के बीच संतुलन चाहते हैं, तो स्टेयरमास्टर (StairMaster) अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके करने से 30 मिनट में करीब 240 कैलोरी बर्न होती है। वहीं शरीर में जमा ग्लाइकोजन का ज्यादा इस्तेमाल करता है, लेकिन फैट लॉस में भी मदद करता है। रिकवरी की जरूरत रनिंग से कम और वॉकिंग से ज्यादा होती है।

किन लोगों के लिए बेहतर?

जो लोग मध्यम स्तर की चुनौती वाली एक्सरसाइज करना चाहते हैं। जिन्हें कैलोरी बर्न और फैट लॉस दोनों पर काम करना है।

आखिर आपके लिए कौन-सा कार्डियो सही है, यह कैसे चुनें?

इस सवाल पर डॉ. श्रेयस कथारानी कहते हैं कि अगर आपके पास समय कम है और आप ज्यादा कैलोरी बर्न करना चाहते हैं, तो रनिंग बेहतर विकल्प है।

अगर आपका मुख्य लक्ष्य पेट के अंदर जमा विसरल फैट को सुरक्षित तरीके से कम करना है, तो इंक्लाइन वॉकिंग सबसे अच्छा विकल्प है।

वहीं अगर आप इन दोनों के बीच संतुलन चाहते हैं, तो स्टेयरमास्टर चुन सकते हैं।

उनके मुताबिक, शुरुआती लोगों को इंक्लाइन वॉकिंग से शुरुआत करनी चाहिए। वहीं जिनकी फिटनेस अच्छी है, वे अपनी रूटीन में स्टेयरमास्टर या रनिंग भी शामिल कर सकते हैं।

कार्डियो शुरू करने से पहले इन बातों का रखें ध्यान

इस सवाल पर डॉ. श्रेयस कथारानी कुछ जरूरी बातें बताईं। जैसे अगर घुटनों या जोड़ों में दर्द है या आपका वजन ज्यादा है, तो रनिंग शुरू करने से पहले सावधानी बरतें क्योंकि इससे जोड़ों पर दबाव पड़ सकता है।

स्टेयरमास्टर करते समय शरीर का संतुलन जरूरी होता है, इसलिए शुरुआत धीरे-धीरे करें।

वहीं इंक्लाइन वॉकिंग सबसे सुरक्षित विकल्प मानी जाती है, लेकिन इससे तुरंत ज्यादा कैलोरी बर्न होने की उम्मीद न करें। इसका फायदा नियमित रूप से करने पर मिलता है।

डॉ. श्रेयस कथारानी कहते हैं कि जैसे कहीं जाने के लिए हम समय और जरूरत के हिसाब से ट्रेन, पैदल या सीढ़ियों का रास्ता चुनते हैं, उसी तरह कार्डियो एक्सरसाइज भी अपने फिटनेस लेवल, हेल्थ गोल और लाइफस्टाइल के हिसाब से चुननी चाहिए।

यहां देखें वीडियो: https://indianexpress.com/article/lifestyle/fitness/fitness-trainer-3-cardio-ways-lose-fat-10777389

DISCLAIMER: यह लेख पब्लिक डोमेन में मौजूद जानकारी और विशेषज्ञों से मिली जानकारी पर आधारित है। कोई भी रूटीन शुरू करने से पहले हमेशा अपने फिटनेस एक्सपर्ट से सलाह लें।