अगर आप पहली बार पार्टनर के साथ शहर से बाहर घूमने की प्लानिंग कर रहे हैं, तो ये खबर आपके काम की साबित हो सकती है। अक्सर घूमने के लिए जब भी बैग पैक किए जाते हैं तो लोग कपड़े तो ढेर सारे रख लेते हैं। लेकिन कुछ ऐसी जरूरी चीजें रखना भूल जाते हैं, जो जरूरत पड़ने पर बहुत काम आ सकती हैं। ये चीजें न केवल आपकी ट्रिप को आसान और सुविधाजनक बना सकती हैं, छोटी-मोटी परेशानी से भी बचा सकती हैं। जानिए बैग पैक करते समय किन-किन चीजों को शामिल करना नहीं भूलना चाहिए।
सबसे पहले रखें जरूरी डॉक्यूमेंट्स
अगर आप पहली बार अपने पार्टनर के साथ बाहर कहीं घूमने जा रहे हैं तो सबसे पहले जरूरी डॉक्टूमेंट्स साथ में रख लें। सरकारी फोटो आईडी- आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस जैसी चीजें अपने बैग में रखें। इसके अलावा होटल बुकिंग की कॉपी या स्क्रीनशॉट भी अपने साथ रखें। फ्लाइट, ट्रेन, बस टिकट को डिजिटल और प्रिंट, दोनों विकल्प रखना आपको परेशानी से बचा सकता है।
फोन चार्जर और पावर बैंक
ट्रिप पर जाते समय अपने साथ चार्जर, पावर बैंक, चार्जिंग केबल साथ में रखें। इसके साथ ही अगर जरूरत हो तो यूनिवर्सल एडेप्टर भी रख लें। यात्रा के दौरान फोन डिस्चार्ज होने पर नेविगेशन और पेमेंट में दिक्कत आ सकती है। इसलिए ये चीजें बैग में जरूर रख लें।
जरूरी दवाइयां ले जाना न भूलें
भले ही आप पूरी तरह स्वस्थ्य हों और घूमने निकल रहे हों लेकिन किसी भी तरह की समस्या से बचने के लिए जरूरी दवाइयां रखें। डॉक्टर की लिखी नियमित दवाइयां ले रहे हैं तो उन्हें तो सबसे पहले रख लें। इसके अलावा सिरदर्द की दवा, मोशन सिकनेस की दवा, बैंड-एड, एंटीसेप्टिक क्रीम भी रखें।
आरामदायक फुटवियर
एक बात का हमेशा ध्यान रखें नया जूता या कोई भी फुटवियर पहनकर ट्रिप पर न जाएं। ट्रिप पर जाने से पहले इन्हें 1-2 बार पहनकर ट्राई जरूर कर लें। लंबी वॉक के लिए आरामदायक जूते रखें। इसके अलावा एक अतिरिक्त चप्पल भी साथ रखें।
पर्सनल हाइजीन किट भी लेकर जाएं
ट्रिप पर हमेशा पर्सनल हाइजीन किट भी लेकर जाएं। टूथब्रश, टूथपेस्ट, फेस वॉश, हैंड सैनिटाइजर, वेट वाइप्स, टिश्यू, डिओडोरेंट जैसी चीजें बैग में पैक करें। इसके अलावा स्किन और सन प्रोटेक्शन की चीजें भी साथ में रखें। इसमें सनस्क्रीन,लिप बाम, मॉइस्चराइजर शामिल होना चाहिए।
डिजिटल पेमेंट का बैकअप का रखें ध्यान
जब भी घूमने जाएं डिजिटल पेमेंट पर ही निर्भर न रहें। अपने साथ थोड़ी नकदी जरूर रखें। एक अतिरिक्त डेबिट या क्रेडिट कार्ड रखें। फोन की बैटरी खत्म होने या नेटवर्क न होने की की स्थिति में बैकअप विकल्प आपकी मदद करेगा।
