Home Gardening Tips: आजकल कई लोग घर की बालकनी, छत या आंगन में होम गार्डनिंग शुरू करना चाहते हैं। हरे-भरे पौधे आसपास के वातावरण को शुद्ध और खुशनुमा बनाए रखने में मदद करते हैं। अगर आप पहली बार गार्डनिंग की शुरुआत करने जा रहे हैं, तो ऐसे में कुछ बातों का ध्यान रखा जा सकता है। सही तरीके अपनाकर और नियमित देखभाल करके होम गार्डन को हरा-भरा और खूबसूरत बनाया जा सकता है।
सही जगह का चुनाव
होम गार्डनिंग की शुरुआत करने जा रहे हैं, तो सबसे पहले सही जगह का चुनाव करना जरूरी है। पौधों को ऐसी जगह पर रखें, जहां उन्हें रोजाना कम से कम 5-6 घंटे की धूप मिल सके।
पौधे कैसे चुनें
जब होम गार्डन के लिए आप जगह चुन लें, तो अगली बारी आती है पौधों का चुनाव करने की। फूलों के पौधे, जड़ी-बूटियां, सब्जियों के पौधे या सजावटी पौधे गार्डन में लगाए जा सकते हैं। आप अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार पौधों का चुनाव कर सकते हैं।
मिट्टी की गुणवत्ता का ध्यान
पौधों को लगाने के लिए पोषक तत्वों से भरपूर मिट्टी फायदेमंद साबित हो सकती है। ऐसी मिट्टी का चुनाव करें जो आसानी से खोदी जा सकने वाली और भुरभुरी हो। अगर मिट्टी सख्त या चिकनी होगी तो पौधों की जड़ें फैलने में मुश्किल हो सकती है।
गार्डनिंग टूल्स
अगर आप पहली बार गार्डनिंग करने जा रहे हैं, तो कुछ जरूरी गार्डनिंग टूल्स को रखें। कैंची, खुरपी, गार्डनिंग ग्लव्स, कुदाल जैसे टूल्स को रखें जो गार्डनिंग के काम को आसान बनाने में मदद कर सकते हैं।
जरूरत के अनुसार पानी
पौधों को स्वस्थ रखने के लिए उन्हें पानी देना जरूरी है। हालांकि जरूरत से ज्यादा पानी पौधों को नुकसान पहुंचा सकता है। खासकर मानसून के मौसम में मिट्टी सूखने पर ही पौधों को पानी दें। पौधों को हमेशा धीरे-धीरे पानी दें ताकि यह मिट्टी की गहराई तक पहुंच सके।
कीटों पर रखें नजर
पौधों को लंबे समय तक स्वस्थ रखने के लिए उन पर समय-समय पर नजर रखना जरूरी है। अगर पत्तियों में दाग, छेद या छोटे-छोटे कीड़े दिख रहे हैं, तो तुरंत उनकी जांच करें। शुरुआत में समस्या की पहचान करके उसे नियंत्रित करना आसान हो सकता है। इसके लिए आप घरेलू तरीकों की भी मदद ले सकते हैं।
सूखी पत्तियां हटाना
पौधों की सूखी और पीली पत्तियों को समय-समय पर हटना उनके अच्छी ग्रोथ के लिए जरूरी हो सकता है। इससे फफूंद, कीट-पतगों या बीमारियों का खतरा कम हो सकता है। साथ ही पौधे साफ-सुथरे और आकर्षक नजर आते हैं।
मौसम का ध्यान
मौसम के अनुसार पौधों को लगाना फायदेमंद हो सकता है। हर मौसम में पौधों की देखभाल की जरूरत अलग होती है। गर्मियों में पौधों को जहां ज्यादा पानी की जरूरत होती है, तो वहीं बारिश के मौसम में पानी जमा होने से बचाना जरूरी है। इसलिए मौसम के अनुसार पौधों की देखभाल करें।
नियमित देखभाल
अगर आप पौधों को स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो उनकी नियमित देखभाल करना जरूरी है। समय-समय पर पानी देना, सूखी या पीली पत्तियों को हटाना, समय-समय पर खाद देना, कीटों पर नजर रखना जैसी आदतें पौधों को स्वस्थ बनाए रखने में मदद कर सकती हैं।
जैविक खाद
पौधों की देखभाल के लिए घर पर खाद बना सकते हैं। टी बैग्स, पिसी हुई कॉफी, फलों के छिलके आदि से आप जैविक खाद तैयार कर सकते हैं। इससे मिट्टी अधिक उपजाऊ बनने में मदद मिल सकती है।
