त्योहार आते ही बाजार में मिठाई, मावा, पनीर और घी की मांग बढ़ जाती है। इसी के साथ मिलावट की खबरें भी सामने आने लगती हैं। हाल ही में दिल्ली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने 900 किलो से ज्यादा मिठाइयां, खोया और दूसरी खाद्य सामग्री नष्ट कराई है। ऐसे में सवाल उठता है कि जो चीजें हम अपने और परिवार के लिए खरीद रहे हैं, वे शुद्ध हैं भी या नहीं?

त्योहार की खरीदारी करते समय थोड़ी सी सावधानी आपको मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री से बचा सकती है। मिलावटी चीजें खाने से सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। इसलिए मावा, घी और मिठाई खरीदते समय उनकी गुणवत्ता पर ध्यान देना जरूरी है। आइए जानते हैं कि इन चीजों को खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए और मिलावट के कुछ संकेत कैसे पहचान सकते हैं।

मावा खरीदते समय इन बातों पर दें ध्यान

त्योहारों पर मावे से बनी मिठाइयों की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे में मावा खरीदते समय उसकी गंध, रंग और बनावट पर ध्यान देना जरूरी है। मावे को हल्के हाथ से रगड़कर देखने पर अगर वह बहुत ज्यादा चिपचिपा महसूस हो, तो उसकी गुणवत्ता पर संदेह हो सकता है। हालांकि, केवल चिकनाई या खुशबू के आधार पर मावे के असली होने की पुष्टि नहीं की जा सकती।

इसी तरह, मावे को खाने पर उसका मुंह या जीभ में चिपकना भी उसकी बनावट में गड़बड़ी का संकेत हो सकता है। लेकिन यह मिलावट की पक्की पहचान नहीं है।

मावे में मिलावट की जांच के लिए एक तरीका पानी से जुड़ा भी बताया जाता है। इसके लिए थोड़ा सा मावा पानी में डालकर अच्छी तरह फेंटें। अगर वह टुकड़ों में बंटकर अलग हो जाए, तो उसमें मिलावट की आशंका हो सकती है। हालांकि, इस तरीके से भी मावे की शुद्धता की पुष्टि नहीं होती।

स्टार्च की मौजूदगी का पता लगाने के लिए आयोडीन टेस्ट

मावे में स्टार्च की मौजूदगी का पता लगाने के लिए FSSAI के DART मैनुअल में एक तरीका बताया गया है। इसके लिए मावे के नमूने को पानी के साथ उबालकर ठंडा किया जाता है। फिर उसमें टिंचर ऑफ आयोडीन की कुछ बूंदें डाली जाती हैं। अगर नमूने का रंग नीला हो जाए, तो यह स्टार्च की मौजूदगी का संकेत हो सकता है।

ध्यान रखें कि यह टेस्ट सिर्फ स्टार्च की मौजूदगी का संकेत देता है। इससे यह साबित नहीं होता कि मावा पूरी तरह शुद्ध है या उसमें किसी दूसरी चीज की मिलावट नहीं है।

घी खरीदते समय सिर्फ रंग और खुशबू पर न करें भरोसा

त्योहारों पर मिठाइयां बनाने से लेकर पूजा-पाठ तक में घी का इस्तेमाल होता है। ऐसे में इसकी खरीदारी करते समय भी सावधानी बरतना जरूरी है। अक्सर लोग मानते हैं कि गहरे पीले रंग का घी ज्यादा शुद्ध होता है, लेकिन सिर्फ रंग देखकर घी की गुणवत्ता का अंदाजा नहीं लगाया जा सकता।

FSSAI के DART मैनुअल में घी या मक्खन में स्टार्च की मौजूदगी जांचने का तरीका भी बताया गया है। इसके लिए घी के नमूने में टिंचर ऑफ आयोडीन की कुछ बूंदें डालकर देखा जाता है। अगर नमूने का रंग नीला हो जाए, तो यह स्टार्च की मौजूदगी का संकेत हो सकता है। हालांकि, इस टेस्ट से वनस्पति या दूसरे तेलों की मिलावट का पता नहीं चलता।

इसलिए घी खरीदते समय सिर्फ उसकी खुशबू और रंग पर निर्भर न रहें। अगर पैक्ड घी खरीद रहे हैं, तो पैकेट पर प्रोडक्ट का नाम, सामग्री, बैच नंबर, तारीख और FSSAI लाइसेंस की जानकारी जरूर देखें। साथ ही पैकेट की सील भी ठीक होनी चाहिए।

मिठाई खरीदते समय इन संकेतों को न करें नजरअंदाज

त्योहारों पर मिठाई खरीदते समय उसकी चमक और दिखावट देखकर ही फैसला न करें। सबसे पहले उसकी गंध और ताजगी पर ध्यान दें। अगर मिठाई से अजीब सी गंध आ रही है, तो उसे खरीदने से बचें। इसी तरह, मिठाई का रंग बहुत ज्यादा चटक है, तो यह भी जांचने की जरूरत है कि उसमें कृत्रिम रंगों का इस्तेमाल तो नहीं किया गया है।

मिठाई पर सफेद परत दिखने का मतलब हमेशा मिलावट नहीं होता। कई मिठाइयों पर सामग्री या रखरखाव के कारण भी ऐसी परत दिखाई दे सकती है। लेकिन अगर मिठाई पर फफूंदी जैसी परत दिखे या उसकी बनावट असामान्य लगे, तो उसे खाना ठीक नहीं है।

चांदी के वर्क वाली मिठाई खरीदते समय भी सावधानी बरतें। नकली वर्क बनाने में एल्युमिनियम या दूसरी धातुओं का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, सिर्फ उंगलियों से रगड़कर वर्क के असली या नकली होने की पक्की पहचान नहीं की जा सकती।

अगर आप खुली मिठाई खरीद रहे हैं, तो दुकान की साफ-सफाई और मिठाई को ढककर रखने जैसी बातों पर ध्यान दें। वहीं, पैक्ड मिठाई खरीदते समय लेबल, सामग्री, तारीख और निर्माता की जानकारी जरूर पढ़ें।

मिलावटी घी और खराब मिठाई खाने से सेहत को क्या नुकसान हो सकता है?

मिलावटी या दूषित खाद्य पदार्थ सिर्फ स्वाद ही खराब नहीं करते, बल्कि सेहत के लिए भी नुकसानदायक हो सकते हैं। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. निशांत सिंह के मुताबिक, लंबे समय तक मिलावटी घी और मावे जैसी चीजें खाने से लिवर पर बुरा असर पड़ सकता है।

अगर घी में नुकसानदायक वसा या दूसरे तेल मिलाए गए हैं, तो इससे खराब कोलेस्ट्रॉल बढ़ने और दिल की बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। वहीं, खराब या दूषित खाद्य सामग्री खाने से जी मिचलाना, उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी परेशानियां हो सकती हैं।

त्योहार पर खरीदारी करते समय इन बातों का रखें ध्यान

मिठाई, घी और मावा खरीदते समय कुछ छोटी-छोटी सावधानियां बरतकर आप मिलावटी या खराब खाद्य सामग्री से बचने की कोशिश कर सकते हैं।

हमेशा भरोसेमंद और साफ-सुथरी दुकान से ही मिठाई, मावा और घी खरीदें।

पैक्ड सामान लेते समय लेबल, सामग्री, तारीख और FSSAI लाइसेंस की जानकारी जरूर जांचें।

रंग, खुशबू, स्वाद या किसी घरेलू टेस्ट को शुद्धता का पक्का प्रमाण न मानें।

अगर किसी खाद्य पदार्थ की गंध, बनावट या ताजगी पर शक हो, तो उसे खाने से बचें।

खाद्य पदार्थों को सही तरीके से स्टोर करें और खराब होने के संकेत दिखने पर इस्तेमाल न करें।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें मिठाई या किसी अन्य खाद्य पदार्थ में मिलावट की आशंका है, तो वे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए 1800-180-5533 टोल
फ्री नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।

त्योहार की असली खुशी अपनों के साथ मिलकर मनाने में है। इसलिए मिठाई और पकवानों का स्वाद लेते समय अपनी और परिवार की सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से तैयार किया गया है। घरेलू टेस्ट से खाद्य पदार्थों की शुद्धता की पूरी पुष्टि नहीं की जा सकती। मिलावट की आशंका होने पर खाद्य सुरक्षा विभाग से संपर्क करें। किसी भी खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता को लेकर संदेह हो, तो उसका सेवन न करें।