मां के साथ हमारा रिश्ता अक्सर बहुत नेचुरल और इमोशनल होता है, लेकिन पिता के साथ संबंध कई बार थोड़ा फॉर्मल और हिचकिचाहट भरा रह जाता है। पिता घर के अनुशासन, जिम्मेदारियों और सुरक्षा की नींव होते हैं। वे न केवल हमारे मार्गदर्शक होते हैं, बल्कि जीवन के सबसे बड़े टीचर और मेंटर भी होते हैं। समय के साथ बिजी शेड्यूल और कम बातचीत के कारण पिता और बच्चों के बीच दूरी बढ़ सकती है। हालांकि, कुछ छोटी-छोटी आदतें अपनाकर इस रिश्ते को और मजबूत बनाया जा सकता है।

अपने प्यार और सम्मान को खुलकर व्यक्त करें

हम अक्सर यह मान लेते हैं कि हमारे पिता जानते हैं कि हम उनसे कितना प्यार करते हैं, लेकिन भावनाओं को शब्दों में व्यक्त करना भी जरूरी है। समय-समय पर उनसे कहें कि आप उनसे प्यार करते हैं और उनकी अहमियत को समझते हैं। उनके प्रयासों और त्याग की सराहना करें। यह छोटा सा कदम आपके रिश्ते में अपनापन और गर्मजोशी बढ़ा सकता है।

साथ में समय बिताने की आदत बनाएं

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में परिवार के साथ समय बिताना कम होता जा रहा है। कोशिश करें कि दिन में कम से कम एक बार पिता के साथ बैठकर भोजन करें। साथ खाना खाने से बातचीत का मौका मिलता है और रिश्ते मजबूत होते हैं। इसके अलावा रात में कुछ समय साथ बिताएं, जैसे दिनभर की बातें करना, कोई कहानी सुनना या किसी विषय पर चर्चा करना। यह आदत इमोशनल कनेक्शन को बढ़ाती है।

पिता के साथ पसंदीदा एक्टिविटीज में हिस्सा लें

ऐसी एक्टिविटीज चुनें जो आपको और आपके पिता दोनों को पसंद हों। यह किताब पढ़ना, संगीत सुनना, खाना बनाना, खेल खेलना या टहलने जाना कुछ भी हो सकता है। साथ में बिताया गया यह समय नई यादें बनाने के साथ-साथ एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझने का अवसर भी देता है। यदि संभव हो तो उनके साथ किसी छोटी या बड़ी यात्रा की योजना भी बनाएं। यात्रा के दौरान बिताया गया समय रिश्ते को और गहरा बना सकता है।

उनकी मदद करें और उन्हें प्राथमिकता दें

जैसे-जैसे हम बड़े होते हैं, हमारा ध्यान करियर, दोस्तों और अन्य जिम्मेदारियों की ओर अधिक हो जाता है। ऐसे में कई बार माता-पिता पीछे छूट जाते हैं। अपने पिता की छोटी-बड़ी जरूरतों में मदद करें। चाहे ऑनलाइन बिल भरना हो, मोबाइल चलाने में सहायता करनी हो या किसी काम में सहयोग देना हो, आपकी मदद उन्हें यह एहसास दिलाती है कि वे आपके लिए महत्वपूर्ण हैं। बिजी शेड्यूल में भी उनके लिए समय निकालना रिश्ते को मजबूत बनाता है।

उनके जीवन के बारे में जानने की कोशिश करें

अपने पिता से उनके बचपन, स्कूल, कॉलेज, नौकरी और जीवन के अनुभवों के बारे में पूछें। उनसे जानें कि उन्होंने किन चुनौतियों का सामना किया और उनसे क्या सीखा। अक्सर पिता अपने अतीत के बारे में ज्यादा बात नहीं करते, लेकिन जब आप रुचि दिखाते हैं तो वे खुलकर अपनी कहानियां शेयर करते हैं। इससे न केवल आप उन्हें बेहतर समझ पाते हैं, बल्कि आपके बीच इमोशनल कनेक्शन भी बढ़ता है।

Also Read
बच्चों को बताएं ये 5 जरूरी बातें, सिखाएं कब और कैसे कहें आत्मविश्वास के साथ ‘नहीं’, समझेंगे सही और गलत का फर्क