दूध उबालते समय कई बार यह फट जाता है, जिससे अधिकतर लोग इसे बेकार समझकर फेंक देते हैं। हालांकि, आप इस फटे हुए दूध से भी किचन में काफी आसानी से ताजा और मुलायम पनीर बना सकते हैं।
दरअसल, घर पर बना पनीर हेल्दी तो होता ही है, साथ ही बाजार के पनीर से ज्यादा शुद्ध भी होता है और इसमें किसी भी तरह का केमिकल नहीं मिलाया जाता है। आप कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो कर फटे दूध से बढ़िया पनीर तैयार कर सकते हैं। इसकी रेसिपी आप यहां पढ़ सकते हैं।
पनीर बनाने की सामग्री
फटा हुआ दूध
पतला सूती कपड़ा
ठंडा पानी
फटे दूध से कैसे बनाएं पनीर?
फटे हुए दूध से पनीर तैयार करने के लिए सबसे पहले उसे धीमी आंच पर हल्का गर्म कर लें। इससे उसमें मौजूद पानी और ठोस हिस्सा यानी छेना अलग हो जाएगा। अब एक बड़े बर्तन के ऊपर छलनी रखें और उसमें पतला सूती कपड़ा बिछा दें।
अब इस कपड़े में फटा हुआ दूध डालकर छान लें। कपड़े में बचे हुए छेना को ठंडे पानी से हल्का धो लें। इसके बाद कपड़े को अच्छी तरह निचोड़ लें, जिससे एक्स्ट्रा पानी निकल जाएगा। अब कपड़े को बांधकर किसी समतल जगह पर रखें और उसके ऊपर कोई भारी बर्तन या वजन रख दें। इसे करीब आधे घंटे तक ऐसे ही दबाकर रखें। इस तरह आप घर पर ही ताजा पनीर तैयार कर सकते हैं।
